Doordrishti News Logo

महिला से गहने लूटने का आरोपी गिरफ्तार

पानी की मटकी खरीदने के बहाने गला दबाकर लूटे थे आभूषण

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),महिला से गहने लूटने का आरोपी गिरफ्तार। मण्डोर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को अकेला पाकर बंधक बनाने और गहने लूटने के मामले में पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार किया है।

डीसीपी ईस्ट मनीष चौधरी ने बताया कि परिवादी भोलाराम ने 12 जून को मण्डोर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनकी 80 वर्षीय मां गिडिय़ा बाई घर के बाहर अकेली बैठी थी। सुबह करीब 9.30 बजे एक युवक उनके पास आया और पानी की मटकी खरीदने की बात कही।

मटकी देखने के बाद उसने कहा कि उसे किराये पर कमरा चाहिए। जैसे ही बुजुर्ग महिला उसे मकान के ऊपर बना कमरा दिखाने ले गई,आरोपी ने महिला को अकेली पाकर उनका गला दबा दिया और उन्हें नीचे गिरा दिया। इसके बाद वह महिला के कानों में पहनी सोने की टोंटियां, पैरों की चांदी की रिमझोड़ और नकदी से भरा थैला लूटकर फरार हो गया।

लूट की गंभीर वारदात के बाद पुलिस उपायुक्त और एसीपी अनिल शर्मा के सुपरविजन में मण्डोर थानाधिकारी शेषकरण चारण के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटना स्थल,मुख्य मार्गों,चौराहों, दुकानों और पेट्रोल पंपों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

अनियंत्रित निजी बस पलटी सात यात्री घायल

साइबर सेल की मदद से संदिग्ध युवक के हुलिए और वारदात में इस्तेमाल वाहन की पहचान की गई।सटीक इनपुट के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी शिवपुरा (पोकरण, जैसलमेर) निवासी जीतू उर्फ जितेंद्र उर्फ लीलू पुत्र भंवराराम ओढ़ को दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।

चोरी व नकबजनी के पहले से दर्ज है मामले
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन के समय सुनसान गलियों और घरों की रेकी करता था। शातिर बदमाश बुजुर्ग या अकेले लोगों को निशाना बनाता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और नकबजनी के 4 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे लूटे गए माल की बरामदगी के प्रयास कर रही है और जोधपुर शहर में हुई अन्य वारदातों के खुलने की भी संभावना है।