Doordrishti News Logo

मारपीट करने के आरोपी पुलिसकर्मियों पर चलेगा मुकदमा

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मारपीट करने के आरोपी पुलिसकर्मियों पर चलेगा मुकदमा। राजस्थान हाईकोर्ट ने एक मामले की सुनवाई के दौरान सख्त टिप्पणी करते हुए कहा है कि वारंट लेकर किसी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस को मारपीट करने का अधिकार नहीं है। हाईकोर्ट ने साफ कहा कि पुलिसकर्मी सरकारी ड्यूटी पर हैं,इसका मतलब यह नहीं कि उन्हें किसी नागरिक या उसके परिवार के साथ मारपीट करने का अधिकार मिल जाता है।

कोई भी पुलिस अधिकारी सरकारी ड्यूटी के नाम पर किसी नागरिक की हड्डियां या दांत नहीं तोड़ सकता।
दरअसल,मामला एक ऐसे परिवार से जुड़ा है, जहां पुलिसकर्मी एक व्यक्ति के भाई के खिलाफ वारंट लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि भाई घर पर नहीं मिला तो पुलिस कर्मियों ने उसके परिवार के साथ मारपीट की।

बीच-बचाव करने आई मां के मुंह पर डंडा मारा गया, जिससे उनका एक दांत टूट गया। जस्टिस फरजंद अली ने पीडि़त गंगा सिंह की याचिका स्वीकार करते हुए बीकानेर सेशन कोर्ट का 2013 का आदेश रद्द कर दिया और मजिस्ट्रेट का पुराना आदेश बहाल कर दिया है जिसमें पुलिसकर्मियों के खिलाफ संज्ञान लिया गया था। इसका मतलब है कि पुलिस कर्मियों के खिलाफ पहले से लिया गया संज्ञान फिर से लागू हो गया है। अब आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ ट्रायल कोर्ट में फिर से मुकदमा चलेगा।

एंटीबायोटिक का असर बचाने में हर परिवार की भूमिका-आईएमए जोधपुर

याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट डीएस घारसाना पेश हुए,जबकि प्रतिवादियों की ओर से एडवोकेट नरेंद्र गहलोत ने पैरवी की। मामला बीकानेर का है। जहां पुलिस गंगा सिंह के भाई दुर्गा सिंह को पकडऩे के लिए उनके घर पहुंची थी। उस समय दुर्गा सिंह घर पर मौजूद नहीं था। आरोप है कि इस बात को लेकर गंगा सिंह और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हुई और पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर गंगा सिंह की मां बीच-बचाव करने पहुंचीं। तो एक पुलिसकर्मी ने उनके मुंह पर डंडा मार दिया, जिससे उनका एक दांत टूट गया और खून निकलने लगा।

अन्य पुलिसकर्मियों पर भी उनके साथ मारपीट करने और हाथ पर काटने का आरोप लगाया गया। गंगा सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उन्हें जबरन थाने ले गए, जहां फिर मारपीट की गई और खाली कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए।
मजिस्ट्रेट ने शिकायत कर्ता और गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद 17 अप्रैल 2010 को आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 452, 323, 325 और 120-बी के तहत संज्ञान लिया था। आरोपियों ने इस आदेश को चुनौती दी। सेशन कोर्ट, बीकानेर ने 7 अक्टूबर 2013 को मजिस्ट्रेट का आदेश रद्द कर दिया और आरोपियों को डिस्चार्ज कर दिया।

सेशन कोर्ट ने माना था कि आरोपी पुलिसकर्मी सरकारी ड्यूटी कर रहे थे, इसलिए उनके खिलाफ केस चलाने से पहले सीआरपीसी की धारा 197 के तहत मंजूरी जरूरी थी। इसके बाद गंगासिंह ने राजस्थान हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिवीजन याचिका दायर की।