जोधपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव कार्यक्रम घोषित
- जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी की लोक सूचना
- जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव दो चरणों में होंगे
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव कार्यक्रम घोषित। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जोधपुर जिले में जिला परिषद सदस्यों,पंचायत समिति सदस्यों,सरपंचों, पंचों तथा जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख,प्रधान एवं उप प्रधान पदों के निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।
लोकतंत्र में लोकमत और राजमत का चिंतन
जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) (पंचायत) जोधपुर आलोक रंजन ने 8 अक्टूबर को जारी लोक सूचना के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपादित होगी।
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू
जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 14 अक्टूबर को तथा नाम वापसी एवं चुनाव प्रतीक आवंटन की प्रक्रिया 15 अक्टूबर 2026 को संपन्न होगी।
प्रथम चरण में छह तथा द्वितीय चरण में 17 पंचायत समितियों में होगा मतदान
पंचायत समिति सदस्यों का निर्वाचन दो चरणों में कराया जाएगा। प्रथम चरण में शेरगढ़,शेखाला, चाबा,आगोलाई,बालेसर एवं चामू पंचायत समितियों में नामांकन पत्र 13 अक्टूबर तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 14 अक्टूबर तथा नाम वापसी एवं चुनाव प्रतीक आवंटन 15 अक्टूबर को होगा। इन पंचायत समितियों के लिए मतदान 22 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक कराया जाएगा।
द्वितीय चरण में ओसियां, सामराऊ,तिंवरी,उम्मेद नगर,बावड़ी,हतूंडी,भोपालगढ़,आसोप, पीपाड़ शहर,सालवा खुर्द,मंडोर,लूणी,धवा,बिलाड़ा, कापरड़ा, केरू एवं झंवर पंचायत समितियों में निर्वाचन होगा। इस चरण के लिए लोक सूचना 13 अक्टूबर को जारी की जाएगी तथा नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर निर्धारित है। इन पंचायत समितियों में मतदान 28 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा।
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन की मतगणना जिला मुख्यालय पर 20 नवम्बर को प्रातः 8 बजे से प्रारंभ की जाएगी।
ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच के चुनाव भी दो चरणों में
ग्राम पंचायत स्तर पर पंच एवं सरपंच पदों के लिए भी निर्वाचन दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। प्रथम चरण के लिए नामांकन पत्र 23 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसी दिन नामांकन पत्रों की संवीक्षा,नाम वापसी तथा चुनाव प्रतीक आवंटन की प्रक्रिया संपन्न होगी। प्रथम चरण में पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान 24 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। उप सरपंच का निर्वाचन 25 अक्टूबर को कराया जाएगा।
द्वितीय चरण में पंच एवं सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 अक्टूबर 2026 को संपन्न होगी। मतदान एवं मतगणना 30 अक्टूबर को कराई जाएगी,जबकि उप सरपंच का निर्वाचन 31 अक्टूबर को होगा।
जिला प्रमुख,उप जिला प्रमुख,प्रधान एवं उप प्रधान के निर्वाचन की तिथियां निर्धारित
जिला प्रमुख,उप जिला प्रमुख,प्रधान एवं उप प्रधान पदों के निर्वाचन के लिए भी कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। जिला प्रमुख का निर्वाचन 25 नवम्बर,उप जिला प्रमुख का 26 नवम्बर, प्रधान का 27 नवम्बर तथा उप प्रधान का निर्वाचन 28 नवम्बर को कराया जाएगा।
इन पदों के निर्वाचन के लिए संबंधित बैठक प्रातः 10 बजे प्रारंभ होगी तथा नामांकन पत्र पूर्वाह्न 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11.30 बजे होगी तथा नाम वापसी के लिए अपराह्न 1 बजे तक का समय निर्धारित रहेगा। आवश्यकता होने पर मतदान अपराह्न 3 बजे से 5 बजे के मध्य कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) (पंचायत) आलोक रंजन ने निर्वाचन कार्यक्रम के अनुरूप संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान भारत निर्वाचन आयोग एवं राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों एवं दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाएगी।
