मेडिकल उपकरणों की दुकानों पर विधिक माप विज्ञान विभाग की आकस्मिक जांच

  • जोधपुर शहर के चार प्रमुख मेडिकल एवं सर्जिकल प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
  • सभी जगह व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं
  • एमआरपी से अधिक मूल्य पर बिक्री नहीं मिली
  • उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए जांच अभियान रहेगा जारी

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मेडिकल उपकरणों की दुकानों पर विधिक माप विज्ञान विभाग की आकस्मिक जांच। उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा मेडिकल उपकरणों एवं संबंधित डिवाइस की बिक्री में विधिक माप विज्ञान संबंधी प्रावधानों के अनुपालन को लेकर 7 अक्टूबर को जोधपुर शहर में आकस्मिक जांच अभियान चलाया गया।

चार प्रमुख प्रतिष्ठानों का किया आकस्मिक निरीक्षण
अभियान के तहत शहर के चार प्रमुख मेडिकल एवं सर्जिकल प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल उपकरणों एवं संबंधित डिवाइस पर निर्धारित घोषणाओं, विक्रय मूल्य तथा अन्य आवश्यक विधिक माप विज्ञान संबंधी प्रावधानों की जांच की गई।

एमआरपी से अधिक मूल्य पर बिक्री नहीं मिली
जांच के दौरान सभी प्रतिष्ठानों पर विभागीय निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। निरीक्षण किए गए उत्पादों का विक्रय मूल्य निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक नहीं पाया गया। जांच के दौरान मौके पर किसी प्रकार की अनियमितता भी नहीं मिली।

नियमों के अनुपालन को लेकर जांच अभियान रहेगा जारी
विधिक माप विज्ञान अधिकारी रामचंद्र त्रिपाठी ने बताया कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा तथा बाजार में निर्धारित मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की आकस्मिक जांच लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में भी मेडिकल उपकरणों सहित अन्य पैकबंद वस्तुओं की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।