कैंपर पलटी एक ही परिवार के 11 लोग घायल
सामाजिक समारोह से घर लौट रहा था परिवार
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कैंपर पलटी एक ही परिवार के 11 लोग घायल। लोहावट थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सडक़ हादसे में एक ही परिवार के बच्चों और महिलाओं सहित 11 से अधिक लोग घायल हो गए। हेमराज टांका और फतेहसागर के बीच गोलाई में सामाजिक समारोह से लौट रही कैंपर अचानक असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के बाद घायलों को ग्रामीणों ने अपने निजी वाहनों से लोहावट और पीलवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
लोहावट जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सात गंभीर घायलों को जोधपुर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार फतेहसागर गांव निवासी एक ही परिवार के लोग और उनके रिश्तेदार ओसियां क्षेत्र के डाबड़ी गांव में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद परिवार के सदस्य और रिश्तेदार बच्चों व महिलाओं सहित कैंपर से वापस फतेहसागर लौट रहे थे।
प्रोबेशन पीरियड में भी हो सकता है कर्मचारी का तबादला: हाईकोर्ट
हेमराज टांका और फतेह सागर के बीच रास्ते में एक गोलाई पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद कैंपर पलट गई। हादसे में वाहन में सवार 11 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कैंपर गोलाई में पलटने के बाद वापस सीधी हो गई। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकाला। लोहावट जिला अस्पताल में कुल 11 घायलों को उपचार के लिए लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सात घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जोधपुर रेफर किया गया।
रेफर किए गए घायलों में किरण (19), पूजा (18), पप्पुराम (46),गोविन्द राम (57),खुशी (15), धापू (65) और पप्पूराम पुत्र छोगाराम शामिल हैं। वहीं सुगना (8), सुशीला (15), रवीना (20) और मीना (15) को भी हादसे में चोटें आईं।
