भगत की कोठी डीजल शेड का डीआरएम ने किया निरीक्षण

लोकोमोटिव अनुरक्षण,खराबी नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),भगत की कोठी डीजल शेड का डीआरएम ने किया निरीक्षण। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने मंगलवार को भगत की कोठी स्थित डीजल शेड का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल इंजनों के अनुरक्षण, खराबी नियंत्रण,सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को सुरक्षित एवं विश्वसनीय परिचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने डीजल एवं विद्युत रेल इंजनों के अनुरक्षण से संबंधित विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने रेल इंजनों में आने वाली खराबियों,उनके कारणों तथा उन्हें रोकने के उपायों की समीक्षा की। उन्होंने खराबी की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मूल कारणों का विश्लेषण कर प्रभावी सुधारात्मक कार्रवाई करने तथा अनुरक्षण के दौरान सामने आने वाली तकनीकी कमियों की समयबद्ध पहचान एवं निराकरण के निर्देश दिए।

डीआरएम ने शेड में चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान की भी समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों द्वारा सुरक्षित कार्यप्रणाली तथा निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेल इंजनों के अनुरक्षण में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सुरक्षित कार्य वातावरण के लिए नियमित निरीक्षण एवं निगरानी आवश्यक है।

अब कार्यालयों का आधुनिकीकरण पर जोर

इस दौरान शेड परिसर, अनुरक्षण क्षेत्रों एवं कार्यस्थलों की स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। डीआरएम ने कार्यस्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा कबाड़ एवं अनुपयोगी सामग्री का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अवसर पर वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (डीजल शेड) राजकुमार शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। डीआरएम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ रेल इंजनों के अनुरक्षण, सुरक्षा एवं परिचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा बेहतर अनुरक्षण,सुरक्षित परिचालन और स्वच्छ कार्यस्थल के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए।

Related posts: