अब कार्यालयों का आधुनिकीकरण पर जोर
डीआरएम ने मंडल कार्यालय के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की ली जानकारी
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अब कार्यालयों का आधुनिकीकरण पर जोर। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने गुरुवार को मंडल कार्यालय स्थित वाणिज्य सहित विभिन्न विभागों के कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में स्वच्छता, व्यवस्थाओं और कार्य प्रणाली की जानकारी ली तथा आधुनिकीकरण से संबंधित प्रस्तावों पर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के बाद अब कार्यालयों को बदलती जरूरतों और तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को पुराने कार्यालयों का आवश्यकतानुसार नवीनीकरण करने तथा कार्यप्रणाली को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जोधपुर मंडल में व्यापक सफाई
डीआरएम ने कहा कि स्वच्छता अभियान के दौरान मंडल के विभिन्न कार्यालयों में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं में सुधार किया गया है। इन व्यवस्थाओं को निरंतर बनाए रखना सभी कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। वाणिज्य विभाग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभाग की कार्यकुशलता की सराहना की तथा अधिकारियों और कर्मचारियों से यात्री सेवा में सदैव तत्पर रहने का आग्रह किया।
उन्होंने यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ करने और कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक के अधिकाधिक उपयोग पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने डीआरएम का साफा पहनाकर एवं स्वागत पौधा भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अमित स्वामी,अनुपम कुमार,वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक अशोक कुमार चौधरी,वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी,मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी,सहायक वाणिज्य प्रबंधक सुरेंद्र सिंह एवं बी के गौड़ सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित थे।
