70वीं राज्य स्तरीय लॉन टेनिस व नेटबॉल मुकाबले का रंगारंग शुभारंभ

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),70वीं राज्य स्तरीय लॉन टेनिस व नेटबॉल मुकाबले का रंगारंग शुभारंभ। माध्यमिक शिक्षा विभाग राजस्थान के निर्देशन में 70वीं राज्य स्तरीय 17 एवं 19 वर्षीय लॉन टेनिस तथा 14 वर्षीय नेटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को गौशाला मैदान में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलेगी।

17 एवं 19 वर्षीय लॉन टेनिस के मुकाबले राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय,पुलिस लाइन में और 14 वर्षीय नेटबॉल के मुकाबले इंडिगो पब्लिक स्कूल में होंगे।

खिलाड़ियों को खेल भावना का संदेश
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली ने कहा कि खेल शारीरिक-मानसिक विकास के साथ व्यक्तित्व निर्माण में अहम हैं। लॉन टेनिस धैर्य, एकाग्रता और स्फूर्ति का खेल है। प्रतिद्वंद्वी से सीखकर खुद को बेहतर बनाना ही असली जीत है। उन्होंने प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों को जोधपुर के ऐतिहासिक स्थल भ्रमण कराने के निर्देश भी दिए।

वयोवृद्ध सम्मान समारोह 1 अक्टूबर को

अध्यक्षता करते हुए महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने कहा कि खेलों से स्वस्थ,अनुशासित और सशक्त समाज बनता है। जिला परिषद CEO आशीष मिश्रा,पार्षद स्वरूप सिंह शेखावत, आकाश सिंघवी,इंडिगो स्कूल अध्यक्ष एनडी. निम्बावत भी मौजूद थे।

समारोह में दीप प्रज्ज्वलन,सरस्वती वंदना,मार्चपास्ट और राजस्थानी लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। उप जिला शिक्षा अधिकारी खेलकूद भूपेंद्र सिंह सोढ़ा ने खिलाड़ियों को निष्पक्षता और खेल भावना की शपथ दिलाई।

पहले दिन के नतीजे
-17 वर्ष बालक लॉन टेनिस: बीकानेर ने डीग को 2-0,जयपुर द्वितीय ने बांसवाड़ा को 2-0,टोंक ने बूंदी को 2-0,पाली ने जैसलमेर को 2-0, अजमेर ने बाड़मेर को 2-0 से हराया।
-19 वर्ष बालक लॉन टेनिस:डीग ने बीकानेर को 2-0, टोंक ने झुंझुनूं को 2-0 से हराया।
कार्यक्रम का संचालन रतन सिंह चंपावत और भरत वैष्णव ने किया।