सीसीटीवी से टैक्सी का रूट ट्रेस कर दो लोगों के बैग लौटाए
अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज), अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की सक्रियता, तकनीकी दक्षता और समन्वित कार्यप्रणाली से दो अलग-अलग मामलों में टैक्सी में छूटे बैग उनके मालिकों को सुरक्षित लौटाए गए। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और त्वरित पुलिस कार्रवाई से एक बैग में रखे महत्वपूर्ण मूल दस्तावेज,जबकि दूसरे बैग में मोबाइल, चांदी का कड़ा और जरूरी पहचान पत्र सुरक्षित मिले।
पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया के निर्देशन में, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं यातायात शाहीन सी. के पर्यवेक्षण तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रेम धनदे के नेतृत्व में जोधपुर महानगर में सीसीटीवी कैमरों के नेटवर्क से लगातार प्रभावी मॉनिटरिंग की जा रही है।
रोडवेज बस स्टैंड पर टैक्सी में छूटा बैग
27 सितंबर को हाजी मोहम्मद ने अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पहुंचकर बताया कि रोडवेज बस स्टैंड पर टैक्सी से उतरते समय उनका बैग टैक्सी में छूट गया। बैग में वाहन की मूल आरसी,ड्राइविंग लाइसेंस,आधार कार्ड, वाहन की फिटनेस व परमिट की प्रतियां सहित अन्य जरूरी दस्तावेज थे।
कृषि फीडरों के सौरकरण में जोधपुर डिस्कॉम को मिला स्कॉच गोल्ड अवॉर्ड
सूचना पर महिला हेड कांस्टेबल सुमित्रा चौहान ने संबंधित मार्ग के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर टैक्सी का रूट ट्रेस किया। इसके बाद बैग और उसमें रखे मूल दस्तावेज व अन्य कागजात बरामद कर सुरक्षित रूप से परिवादी को सौंप दिए गए।
रेलवे स्टेशन से घर जाते समय छूटा बैग
26 सितंबर की रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच प्रियंका पत्नी चंदन कुमार रेलवे स्टेशन से टैक्सी से महामंदिर स्थित अपने घर पहुंची। उतरते समय उनका बैग टैक्सी में रह गया। बैग में दो मोबाइल, चांदी का छोटा कड़ा, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपए थी,सहित ड्राइविंग लाइसेंस,पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और आधार कार्ड थे।
सूचना मिलने पर महामंदिर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक मुराद खां के निर्देशन में कांस्टेबल सुनील कुमार और महिला कांस्टेबल सपना ने टैक्सी का रूट ट्रेस कर चालक से संपर्क किया। सामान की जांच व पुष्टि के बाद बैग प्रियंका को सुरक्षित सौंप दिया गया।
