केमिकल फैक्ट्री में झुलसे 6 गंभीर फायर फाइटर्स को ग्रीन कॉरिडोर से जयपुर भेजा

  • केमिकल फैक्ट्री में आग बुझाते वक्त हुआ था ब्लास्ट
  • सुबह फिर धधकी आग -फैक्ट्री मालिक का पुत्र शांतिभंग में गिरफ्तार

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),केमिकल फैक्ट्री में झुलसे 6 गंभीर फायर फाइटर्स को ग्रीन कॉरिडोर से जयपुर भेजा। बासनी औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक कॉलोनी स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में बुधवार शाम लगी आग में गंभीर रूप से झुलसे 6 फायर फाइटर्स को आज दोपहर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जयपुर भेजा गया। फैक्ट्री में आग के दौरान केमिकल से भरे ड्रमों में ब्लास्ट से फायर ब्रिगेड के 14 कर्मचारी झुलस गए थे। इनमें से 6 फायर फाइटर्स को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस से महात्मा गांधी हॉस्पिटल से जयपुर के एसएमएस अस्पताल भेजा गया है।

एंबुलेंस में हर मरीज के साथ एक-एक डॉक्टर और एक-एक नर्सिंग स्टाफ मौजूद था। इधर फैक्ट्री मालिक के पुत्र को बासनी पुलिस ने शांतिभंग में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस संबंध में मानव जीवन संकट में डालने का केस दर्ज किया था। महात्मा गांधी हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट डॉक्टर फतेहसिंह भाटी ने बताया कि अभी 13 लोगों का इलाज चल रहा है। मोहम्मद हनीफ,प्रकाश, जोगाराम,आशिक खान, प्रेम तम्बोली और अविनाश को जयपुर भेजा गया है।

ग्रीन कॉरिडोर के दौरान पुलिस ने एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए जगह-जगह ट्रैफिक रोका। महात्मा गांधी हॉस्पिटल में भर्ती अन्य सात लोगों में 3 वेंटिलेटर और 4 ऑक्सीजन पर हैं। जब झुलसे हुए 6 फायर फाइटर्स को शिफ्ट किया जा रहा था,उस दौरान इनमें से एक की मां बेसुध हो गई।

युवा संगम फेज VII में राजस्थान का नेतृत्व करेगा IIT जोधपुर

थानाधिकारी नितिन दवे ने बताया कि आग की घटना के बाद फैक्ट्री मालिक चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 11 निवासी स्पर्श पुत्र राजेंद्र को फिलहाल शांतिभंग में पकड़ा गया है। श्रमिक कॉलोनी में आवासीय क्षेत्र में इस फैक्ट्री को संचालित किया जा रहा था।

अस्पताल में जनप्रतिनिधियों का जमावड़ा
आग की घटना के बाद से महात्मा गांधी अस्पताल में जनप्रतिनिधियों का जमावड़ा लगा हुआ है। फायर फाइटर्स को जयपुर शिफ्ट करने के दौरान शहर विधायक अतुल भंसाली, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल,महापौर पद के प्रत्याशी प्रसन्नचंद मेहता सहित कई भाजपा नेता मौजूद थे। कांग्रेस से महापौर पद के प्रत्याशी राजेंद्र सिंह सोलंकी व पूर्व विधायक मनीषा पंवार सहित कई कांग्रेसी नेता भी आज अस्पताल पहुंचे। सभी ने घायलों व उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उपचार की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों से भी घायलों के उपचार एवं स्वास्थ्य स्थिति को लेकर जानकारी ली।

ब्लास्ट के बाद केमिकल की गंध से लोगों की बिगड़ी तबीयत
हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में आग के दौरान केमिकल से भरे ड्रमों में ब्लास्ट के बाद आसपास रहने वाले लोगों को घर खाली कर रिश्तेदारों के यहां जाना पड़ा। रात रिश्तेदारों के यहां बिताई। गुरुवार सुबह लोग घरों पर वापस आए तो आसपास के इलाकों में केमिकल की गंध इतनी ज्यादा थी कि घर के पास खड़े भी नहीं हो पाए। परिवारों को वापस रिश्तेदारों के पास भेजना पड़ा।

आसपास के करीब 20 मकानों को खाली करवाया गया है। आग की वजह से फैक्ट्री से सटे मकानों की दीवारों में दरारें आ गई। ब्लास्ट इतना भयंकर था कि फैक्ट्री के आरसीसी की छत तक टूटकर गिर गई। मौके पर हालात ऐसे हैं कि घटना के दूसरे दिन भी फैक्ट्री में से धुआं निकल रहा था। चारों तरफ दीवारों पर कालिख लगी हुई है। अंदर रखे सामान और केमिकल ड्रम से धुंआ निकल रहा था। फैक्ट्री के एक हिस्से की दीवार भी ढह चुकी थी। थिनर,लीकर और सीलर केमिकल की बदबू पूरी कॉलोनी में फैली हुई है।

एक क्षेत्रवासी ने बताया कि आग लगने के बाद सभी घरों को खाली करवा दिया गया। सभी को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरी जगह जाने के लिए कहा गया है। यहां केमिकल की इतनी गंदी बदबू आ रही है कि यहां खड़े भी नहीं हो पा रहे हैं।