युवा संगम फेज VII में राजस्थान का नेतृत्व करेगा IIT जोधपुर
- सिक्किम के युवाओं से जुड़ेगा राजस्थान
- IIT जोधपुर 55 सदस्यीय सिक्किम प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी के लिए तैयार
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),युवा संगम फेज VII में राजस्थान का नेतृत्व करेगा IIT जोधपुर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जोधपुर (IIT जोधपुर) को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की प्रमुख युवा आदान-प्रदान पहल ‘युवा संगम फेज VII’ के तहत राजस्थान के नोडल संस्थान के रूप में नामित किया गया है। यह कार्यक्रम ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ (EBSB) पहल के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
भाषाओं में छिपे ज्ञान व्याकरण संस्कृति और मानव मस्तिष्क के संबंधों का हो रहा अध्ययन
इस चरण में राजस्थान को सिक्किम के साथ जोड़ा गया है। राजस्थान के लिए IIT जोधपुर और सिक्किम के लिए सिक्किम विश्वविद्यालय को संबंधित नोडल संस्थान बनाया गया है। युवा संगम के माध्यम से युवाओं को देश के दूसरे राज्य की संस्कृति, परंपराओं,विकास, उपलब्धियों और तकनीकी प्रगति को करीब से जानने और अनुभव करने का अवसर मिलता है। साथ ही, यह कार्यक्रम युवाओं के बीच आपसी संवाद और मजबूत जन-जन संपर्क को बढ़ावा देता है।
युवासंगम की गतिविधियां पांच प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित हैं-पर्यटन,परंपरा, प्रगति,परस्पर संपर्क और प्रौद्योगिकी। राजस्थान- सिक्किम युवा संगम के लिए युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और कुल 11,149 पंजीकरण प्राप्त हुए। भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार IIT जोधपुर के EBSB क्लब द्वारा संचालित चयन प्रक्रिया के बाद राजस्थान से 50 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इनके साथ पांच संस्थागत प्रतिनिधि भी सिक्किम जाएंगे।
सिक्किम का 55 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 27 सितंबर 2026 को IIT जोधपुर पहुंचेगा। इसके बाद 28 सितंबर को स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य IIT जोधपुर में संस्थागत संवाद,सांस्कृतिक कार्यक्रमों,कार्यशालाओं, भ्रमण सहित विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से उन्हें राजस्थान की समृद्ध विरासत, विकास यात्रा और तकनीकी एवं नवाचार के परिवेश से परिचित कराया जाएगा। प्रतिनिधि मंडल के लिए 2 अक्टूबर को समापन समारोह आयोजित होगा और प्रतिनिधिमंडल 3 अक्टूबर को सिक्किम के लिए रवाना होगा।
इस आदान-प्रदान के दूसरे चरण में राजस्थान का 55 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सिक्किम की यात्रा करेगा। राजस्थान के विद्यार्थी सिक्किम की संस्कृति, परंपराओं,पर्यटन, विकास पहलों और तकनीकी प्रगति को प्रत्यक्ष रूप से जानेंगे और वहां के युवाओं के साथ संवाद करेंगे। राजस्थान का प्रतिनिधिमंडल 7 अक्टूबर 2026 को सिक्किम के लिए रवाना होगा और 16 अक्टूबर 2026 को IIT जोधपुर लौटेगा।
युवा संगम के पिछले संस्करणों में IIT जोधपुर की सक्रिय भागीदारी के बाद फेज VII युवाओं के बीच संवाद और आपसी समझ को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। इस पहल के माध्यम से प्रतिभागियों को भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं,जीवनशैली और विकास की अलग- अलग यात्राओं को प्रत्यक्ष अनुभव और संवाद के माध्यम से समझने का अवसर मिलेगा।
