भाजपा ने जिला प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की घोषणा

राजेन्द्र बोराणा को पाली व नरेन्द्र सिंह कच्छवाह को बाड़मेर का प्रभारी बनाया

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),भाजपा ने जिला प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की घोषणा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार प्रदेश संगठन द्वारा विभिन्न जिलों के जिला प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की घोषणा की गई है। जारी सूची में जोधपुर शहर, पाली,जोधपुर देहात, जालोर,बाड़मेर, जैसलमेर,फलोदी, बालोतरा एवं सिरोही सहित पश्चिमी राजस्थान के महत्वपूर्ण जिलों में संगठनात्मक दायित्व सौंपे गए हैं।

घी त्योहार व सातों आठों लोक पर्व सामाजिक संस्कारों के साथ मनाया

राजेन्द्र बोराणा को पाली जिले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
पाली जिले के जिला प्रभारी के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं अनुभवी संगठनकर्ता राजेन्द्र बोराणा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ पायल परसरामपुरिया को सह- प्रभारी बनाया गया है।
राजेन्द्र बोराणा का भाजपा संगठन में लंबा एवं व्यापक अनुभव रहा है।

वे पूर्व में मण्डल अध्यक्ष, भारतीय जनता युवा मोर्चा,जोधपुर जिलाध्यक्ष,भारतीय जनता युवा मोर्चा, जोधपुर नगर अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य,नगर सुधार न्यास,जोधपुर के सदस्य,भाजपा जिला जोधपुर के जिला उपाध्यक्ष एवं जिला महामंत्री सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं।

इसके साथ ही बोराणा ने संगठन विस्तार एवं संगठनात्मक निर्माण से जुड़े कार्यों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे विभिन्न जिलों में जिला संगठन प्रभारी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। उनके व्यापक संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व द्वारा उन्हें पाली जिले की जिम्मेदारी सौंपा जाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेन्द्र सिंह कच्छवाह को बाड़मेर की जिम्मेदारी
बाड़मेर जिले के जिला प्रभारी के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेन्द्र सिंह कच्छवाह को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ महेश वी. चौहान को सह-प्रभारी बनाया गया है।

नरेन्द्र सिंह कच्छवाह के संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उन्हें बाड़मेर जैसे महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा अनुभवी कार्यकर्ताओं को संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपते हुए जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं गतिशील बनाने पर जोर दिया गया है।

इसी प्रकार जोधपुर शहर जिले के लिए रविन्द्र सिंह बालावत को जिला प्रभारी तथा चन्द्र प्रकाश सारड़ा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। जोधपुर देहात जिले के जिला प्रभारी के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष घनश्याम डागा तथा सह-प्रभारी के रूप में श्रवण बंजारा को दायित्व सौंपा गया है।

जोधपुर संभाग में संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जोधपुर देहात जिले में दोनों पदाधिकारियों के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का प्रयास रहेगा।

जालोर के जिला प्रभारी के रूप में पूर्व जिला महामंत्री महेन्द्र मेघवाल तथा सह-प्रभारी के रूप में जगदीश देवासी को नियुक्त किया गया है। जैसलमेर जिले की जिम्मेदारी भोपाल सिंह बड़ला को जिला प्रभारी तथा नथमल पालीवाल को सह-प्रभारी के रूप में दी गई है।

नागौर जिले के जिला प्रभारी के रूप में जगत नारायण जोशी तथा सह-प्रभारी के रूप में रतनलाल सैनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है
फलोदी जिले में अखिलेश प्रताप सिंह को जिला प्रभारी तथा जोगेन्द्र राजपुरोहित को सह- प्रभारी बनाया गया है।

बालोतरा जिले में करण सिंह नेतरा को जिला प्रभारी तथा सांवलाराम देवासी को सह-प्रभारी का दायित्व सौंपा गया है। इसी क्रम में सिरोही जिले में मनोज सिंघानिया को जिला प्रभारी तथा आवड़दान चारण को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल ने नवनियुक्त जिला प्रभारियों एवं सह- प्रभारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इनकी नियुक्ति से आगामी नगर निगम, नगर पालिका एवं पंचायतों के चुनावों महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर रहेगा जोर
भाजपा संभाग मीडिया संयोजक जगदीश धाणदिया ने बताया कि प्रदेश संगठन द्वारा जिला प्रभारियों एवं सह- प्रभारियों की नियुक्ति का उद्देश्य जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाना,कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करना तथा प्रदेश नेतृत्व के कार्यक्रमों एवं अभियानों को मंडल एवं बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है।

नवनियुक्त जिला प्रभारी एवं सह-प्रभारी अपने- अपने जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा,कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय,संगठन की आगामी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

पश्चिमी राजस्थान के पाली,जोधपुर देहात, जालोर,बाड़मेर,जैसलमेर,फलोदी, बालोतरा एवं सिरोही जैसे महत्वपूर्ण जिलों में अनुभवी एवं संगठनात्मक कार्यों से जुड़े पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दिए जाने से पार्टी संगठन को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।