Route march by the Kalika patrolling team

कालिका पेट्रोलिंग टीम का रूट मार्च

-महिला सुरक्षा संकल्प अभियान

-70 महिला पुलिस कर्मियों को दिए संवेदनशील पुलिसिंग के निर्देश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कालिका पेट्रोलिंग टीम का रूट मार्च। राजस्थान पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्तालय जोधपुर पूर्व द्वारा बुधवार को महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत विशेष जनजागरूकता अभियान एवं वाहन रूट मार्च आयोजित किया गया।

पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त मनीष चौधरी तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त(सिकाऊ) पूर्व शुभकरण के सुपरविजन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य महिला सुरक्षा, जागरूकता और आत्मरक्षा को अधिक प्रभावी बनाना रहा।

96.26 करोड़ रुपए से बदलेगी पाली मारवाड़ स्टेशन की तस्वीर

अभियान के तहत रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सरदार पटेल सभागार में कालिका पेट्रोलिंग टीम एवं जिले के समस्त पुलिस थानों की 70 महिला पुलिस कर्मियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाली छेड़छाड़, स्टॉकिंग, उत्पीडऩ तथा अन्य महिला अपराधों की रोकथाम के लिए अपनाई जाने वाली कार्य योजना की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान महिला पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित करें,उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करें तथा प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

आवश्यकता पडऩे पर तत्काल एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही बाजारों, बस स्टैंड,शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की सतत उपस्थिति बनाए रखते हुए महिला सुरक्षा संबंधी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

पानी के हौद में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत

इसके बाद कालिका पेट्रोलिंग टीम द्वारा निकाले गए जन जागरूकता वाहन रूट मार्च के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने आमजन,विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित किया। इस दौरान महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, पॉक्सो अधिनियम, साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के महत्वपूर्ण उपायों का प्रदर्शन करते हुए विषम परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के व्यावहारिक तरीके बताए गए। पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया,महिला हेल्प लाइन तथा अन्य पुलिस सहायता सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (सिकाऊ) पूर्व शुभकरण ने बताया कि पुलिस आयुक्तालय जोधपुर द्वारा संचालित महिला सुरक्षा संकल्प अभियान का उद्देश्य महिलाओं व बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना,कानून के प्रति विश्वास बढ़ाना,पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए महिला सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है।