Role of Station Masters Crucial in Safe and Secure Train Operations – DRM

सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन में स्टेशन मास्टरों की भूमिका महत्वपूर्ण- डीआरएम

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन में स्टेशन मास्टरों की भूमिका महत्वपूर्ण- डीआरएम। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के विकास केंद्र में सोमवार को स्टेशन मास्टरों एवं स्टेशन अधीक्षकों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन में स्टेशन मास्टरों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि स्टेशन मास्टर रेलवे परिचालन व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सतर्कता,दक्षता,अनुशासन तथा त्वरित निर्णय क्षमता ही सुरक्षित, संरक्षित एवं समयबद्ध रेल संचालन सुनिश्चित करती है।

18 ट्रिप रद्द रहने के बाद आज पटरी पर लौटेगी जोधपुर-हडपसर सुपरफास्ट

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि स्टेशन मास्टर केवल ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान का संचालन नहीं करते,बल्कि सिग्नलिंग व्यवस्था,ब्लॉक संचालन, यातायात नियंत्रण, आपदा प्रबंधन तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी निभाते हैं। किसी भी विषम परिस्थिति में उनकी सूझबूझ और सुरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन दुर्घटनाओं की रोकथाम में अहम भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि रेलवे में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही के लिए कोई स्थान नहीं है। सुरक्षा नियमों का अक्षरशः पालन ही सुरक्षित रेल संचालन की सबसे बड़ी गारंटी है।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल नियमों की जानकारी देना नहीं,बल्कि अधिकारियों की कार्यकुशलता,निर्णय क्षमता तथा नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है। नियमित प्रशिक्षण से कर्मचारियों का आत्म विश्वास बढ़ता है और वे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का बेहतर ढंग से सामना करने में सक्षम बनते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और अनुभव को अपने-अपने कार्यस्थलों पर प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया।

जोधपुर से जुड़ी 14 जोड़ी ट्रेनों में लगेंगे 36अतिरिक्त कोच

प्रशिक्षण शिविर के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने उपस्थित स्टेशन मास्टरों से सीधा संवाद स्थापित किया तथा उनके कार्यक्षेत्र में आने वाली परिचालन,संरक्षा एवं प्रशासनिक समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन मास्टरों से दैनिक कार्यों के दौरान आने वाली चुनौतियों,उपलब्ध संसाधनों तथा आवश्यक सुधारों पर विस्तार से चर्चा की।

संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीआरएम ने कहा कि स्टेशन मास्टरों के सुझाव और अनुभव रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित,संरक्षित एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा मंडल प्रशासन उनकी वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।

प्रशिक्षण शिविर में स्टेशन संचालन,संरक्षा नियम, ब्लॉक कार्यप्रणाली, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली,आपदा प्रबंधन, समयपालन तथा परिचालन से जुड़े नवीन निर्देशों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को विभिन्न व्यावहारिक परिस्थितियों के उदाहरणों के माध्यम से सुरक्षित रेल संचालन के महत्वपूर्ण पहलुओं से भी अवगत कराया गया।

बेटी के इलाज के नाम पर एक लाख की ठगी

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह,वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी सहित परिचालन विभाग के अधिकारी तथा मंडल के विभिन्न स्टेशनों के स्टेशन मास्टर एवं स्टेशन अधीक्षक उपस्थित थे।

कार्यक्रम के अंत में मंडल रेल प्रबंधक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टीम भावना के साथ कार्य करने तथा सुरक्षित, संरक्षित एवं समयबद्ध रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।