अब फटाफट होगी टिकट बुकिंग,आईआरसीटीसी ला रहा नया डिजिटल अवतार

  • आईआरसीटीसी अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन जल्द लॉन्च करेगा
  • नई वेबसाइट में नहीं होंगे अनावश्यक कैप्चा और पॉप-अप
  • एक ही स्क्रीन पर दिखेंगी सभी श्रेणियों की सीटें
  • 40 साल पुराने PRS का भी हो रहा आधुनिकीकरण

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अब फटाफट होगी टिकट बुकिंग, आईआरसीटीसी ला रहा नया डिजिटल अवतार। ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुकिंग का अनुभव जल्द ही पूरी तरह बदलने वाला है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम आईआरसीटीसी अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन जल्द लॉन्च करेगा। इसका उद्देश्य टिकट बुकिंग को पहले से अधिक तेज,आसान और स्मार्ट बनाना है। इसके साथ ही रेलवे लगभग चार दशक पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम पीआरएस का भी आधुनिकीकरण कर रहा है,जिससे पूरी बुकिंग व्यवस्था अधिक सक्षम, तेज और विश्वसनीय बनेगी।

नई वेबसाइट में यात्रियों की सुविधा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स को हटाया गया है। सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी,जबकि टिकट बुकिंग के चरण कम होने से पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में कम समय में पूरी हो सकेगी। एक बार दर्ज किए गए यात्री विवरण सुरक्षित रहेंगे,जिससे अगली बार टिकट बुक करना और भी आसान होगा। वेबसाइट का इंटरफेस तेज,सरल और लगभग विज्ञापन-मुक्त रहेगा।

मारवाड़ मूंडवा से पहली बार दौड़ी पेट्रोलियम कोक रैक

नई वेबसाइट के विकास में यात्रियों के सुझावों को भी शामिल किया गया है। हाल ही में आईआरसीटीसी और सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स क्रिस के अधिकारियों ने जयपुर के मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के विद्यार्थियों को बीटा वर्जन दिखाकर उनके सुझाव लिए। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले इन्हीं विद्यार्थियों ने मौजूदा वेबसाइट की कमियों की ओर ध्यान आकर्षित किया था,जिसके बाद रेलवे ने उनमें सुधार किए। उल्लेखनीय है कि नई वेबसाइट को इंडियन रेलवे के पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन से जोड़ा जा रहा है।

रेलवन ऐप के 4 करोड़ डाउनलोड
रेलवे तत्काल टिकट बुकिंग में बॉट्स और फर्जी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए भी लगातार तकनीकी सुधार कर रहा है। इस बीच रेलवन ऐप 4 करोड़ डाउनलोड का आंकड़ा पार कर रेलवे सेवाओं के सबसे बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में उभरा है।

इनका कहना है
नई वेबसाइट और आधुनिक पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम लागू होने के बाद यात्रियों को पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक ऑनलाइन टिकट बुकिंग का अनुभव मिलेगा।

-हितेश यादव,
सीनियर डीसीएम,जोधपुर मंडल