“अंगदान-मानवता की सर्वोच्च सेवा”
कमला नेहरू वक्ष चिकित्सालय में अंगदान जागरूकता एवं ऑनलाइन शपथ कार्यक्रम आयोजित
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),”अंगदान-मानवता की सर्वोच्च सेवा”। भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार जुलाई माह को अंगदान जन जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है। इसी कड़ी में डॉ.संपूर्णानंद मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एंड कंट्रोलर डॉ.बीएस जोधा की अध्यक्षता में कमला नेहरू वक्ष चिकित्सालय में अंगदान जागरूकता एवं ऑनलाइन अंगदान शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य बातें
कमला नेहरू वक्ष चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.सीआर चौधरी ने कहा कि अंगदान केवल एक चिकित्सीय प्रक्रिया नहीं,बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। ब्रेन स्टेम डेथ घोषित होने के बाद परिवार की सहमति से व्यक्ति के स्वस्थ अंगों का दान किया जा सकता है।एक अंगदाता अपने अंगों और ऊतकों के माध्यम से कई लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है।
डॉ.अशोक कुंवाल ने अंगदान से जुड़े मिथकों और तथ्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि अधिक लोग अंगदान के लिए आगे आएं तो प्रत्यारोपण की प्रतीक्षा कर रहे हजारों मरीजों को नया जीवन मिल सकता है।
डॉ.एसएन मेडिकल कॉलेज की अंगदान नोडल अधिकारी डॉ.वंदना शर्मा ने बताया कि अंगदान एक सुरक्षित,कानूनी और पूरी तरह मानवीय प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष हजारों मरीज अंग प्रत्यारोपण की प्रतीक्षा करते हैं,लेकिन अंगदाताओं की कमी के कारण अनेक मरीज समय पर उपचार से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जागरूकता और सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान मथुरादास माथुर चिकित्सालय की मुख्य ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर शिमला पूनिया ने उपस्थित चिकित्सा कर्मियों को ऑनलाइन अंगदान की शपथ दिलाई। इस अवसर पर डॉ.बलवीर चौधरी,डॉ. राधेश्याम सहित अन्य डॉक्टर,नर्सिंग अधिकारी एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित था।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से अंगदान के प्रति जागरूक होने और अपने परिवार के साथ इस विषय पर चर्चा करने का आग्रह किया।
“अंगदान करें,जीवन बचाएं” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
