एस्केलेटर से छेड़छाड़ पर रेलवे सख्त,सीसीटीवी से निगरानी

बंद पाए जाने पर रेलवे स्टाफ को सूचित करने का आग्रह

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),एस्केलेटर से छेड़छाड़ पर रेलवे सख्त,सीसीटीवी से निगरानी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए स्टेशन परिसरों में स्थापित एस्केलेटर के उपयोग को लेकर एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों से अपील की गई है कि एस्केलेटर के संचालन में किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें और इसका उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार करें।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि कई बार एस्केलेटर उपयोग में नहीं होने के कारण ऑटोमेटिक मोड पर अस्थाई रूप से बंद दिखाई देता है तथा यात्री मूवमेंट होते ही यह स्वतः पुनः चालू हो जाता है। इसके अलावा कई बार बच्चों अथवा अन्य व्यक्तियों द्वारा स्टॉप बटन दबा दिए जाने से भी एस्केलेटर कुछ समय के लिए बंद हो जाता है, लेकिन जानकारी मिलते ही रेलवे स्टाफ इसे तुरंत पुनः चालू कर देता है।

ट्रेनों व प्लेटफॉर्म पर धूम्रपान रोकने के लिए विशेष अभियान आज से

उन्होंने बताया कि जिन बड़े स्टेशनों पर यह सुविधा उपलब्ध है वहां एस्केलेटर क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति एस्केलेटर के संचालन में अनावश्यक छेड़छाड़ करता हुआ पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एस्केलेटर के नियंत्रण बटन अथवा अन्य उपकरणों से अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं करें और बच्चों पर विशेष ध्यान रखें। किसी भी तकनीकी समस्या या असुविधा की स्थिति में स्वयं हस्तक्षेप करने के बजाय रेलवे स्टाफ को सूचित करें,ताकि सभी यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं सुगम यात्री सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।