Doordrishti News Logo

डॉक्टरों-अस्पतालों पर खबर से पहले उनका पक्ष भी लें

  • IMA जोधपुर की मीडिया से अपील
  • IMA ने कहा-एकतरफा खबर से प्रतिष्ठा को पहुंचती है क्षति
  • संतुलित पत्रकारिता जनहित में जरूरी

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),डॉक्टरों-अस्पतालों पर खबर से पहले उनका पक्ष भी लें। राजस्थान इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), जोधपुर शाखा ने समस्त प्रिंट,इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से विनम्र अनुरोध किया है कि किसी भी चिकित्सक, अस्पताल अथवा स्वास्थ्य संस्थान के विरुद्ध रोगी या परिजनों की शिकायतों को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले संबंधित चिकित्सक या अस्पताल का पक्ष भी अवश्य प्राप्त कर उसे समान महत्व के साथ प्रस्तुत करें।

करंट से मौत पर मुआवजा और अन्य मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन

जटिल होते हैं चिकित्सा प्रकरण
डॉ.प्रदीप जैन सचिव,इंडियन मेडिकल एसोसिएशन शाखा (IMA) जोधपुर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि चिकित्सा से जुड़े प्रकरण अनेक बार अत्यंत जटिल होते हैं।इनमें चिकित्सकीय, नैतिक एवं कानूनी पहलू शामिल होते हैं।

केवल एक पक्ष के आधार पर समाचार प्रकाशित या प्रसारित होने से न केवल संबंधित चिकित्सक एवं संस्थान की प्रतिष्ठा को अपूरणीय क्षति पहुंच सकती है,बल्कि समाज में अनावश्यक भ्रम एवं भय का वातावरण भी उत्पन्न हो सकता है,विज्ञप्ति में कहा गया।

संतुलित पत्रकारिता पर जोर
IMA जोधपुर का मानना है कि निष्पक्ष,संतुलित एवं तथ्यपरक पत्रकारिता जनहित में अत्यंत आवश्यक है। समाचार के दोनों पक्षों को समान अवसर देकर प्रस्तुत करना पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों के अनुरूप है तथा इससे आमजन का विश्वास भी सुदृढ़ होता है।

जनहित में अपील
IMA जोधपुर ने मीडिया जगत से अपेक्षा की है कि जनहित एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा संबंधी समाचारों में संबंधित चिकित्सक या स्वास्थ्य संस्थान का पक्ष भी अवश्य प्रकाशित एवं प्रसारित किया जाए,जिससे सत्य एवं संतुलित जानकारी समाज तक पहुंच सके।