केतन अग्रवाल हत्याकांड:आरोपी सिया शादी टालना चाहती थी
- चेतन संग 6 महीने में 2004 बार फोन पर बात
- पुलिस जांच में खुलासा -क्रिकेट मैच से शुरू हुई नजदीकियां
- हत्या से पहले किया था पूर्वाभ्यास
पुणे(दूरदृष्टीन्यूज),केतन अग्रवाल हत्याकांड: आरोपी सिया शादी टालना चाहती थी। कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में लोनावला ग्रामीण पुलिस के सामने नए-नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल शादी के लिए तैयार नहीं थी और वह तीन साल तक विवाह टालना चाहती थी।
इसे भी पढ़ें – अच्छी वर्षा की कामना के लिए किया वृष्टि यज्ञ
क्रिकेट मैच से शुरू हुई थी पहचान
सिया के भाई साहिल गोयल ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसकी बहन की मुलाकात चेतन चौधरी से क्रिकेट मैचों के दौरान हुई थी। पिछले वर्ष एक कॉमन दोस्त की दिवाली पार्टी में दोनों फिर मिले और उनके बीच नजदीकियां बढ़ीं।
परिजनों के दर्ज किए बयान
शनिवार को लोनावला ग्रामीण पुलिस ने सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल,मां पूजा गोयल और भाई साहिल गोयल को पूछताछ के लिए बुलाया। तीनों के बयान दर्ज किए गए।
साहिल ने बताया कि चेतन क्रिकेट खेलता था और उसके साथ कई मैच खेल चुका था। सिया भी अक्सर अपने भाई के साथ मैच देखने जाती थी। इसके बाद सिया और चेतन दोनों साथ में मैच देखने जाने लगे। इसका एक वीडियो भी सामने आया है,जिसमें चेतन को पकड़कर सिया मैच देख रही हैं।
जनवरी से जून तक 2004 कॉल,238 घंटे बात
पुलिस के मुताबिक जनवरी से जून तक दोनों के बीच 2004 फोन कॉल हुईं और कुल मिलाकर 238 घंटे तक बातचीत हुई।
लाल इलेक्ट्रिक कार की जांच जारी
पुलिस उस लाल इलेक्ट्रिक कार की जांच कर रही है, जिसका इस्तेमाल वारदात वाले दिन केतन अग्रवाल ने लोहगढ़ किले की यात्रा के दौरान किया था। सोशल मीडिया पर केतन की इलेक्ट्रिक कार का वीडियो सामने आया था,जिसमें वह और उनकी मंगेतर सिया गोयल कार में सनरूफ खोलकर घूमते हुए दिख रहे थे। यह वीडियो केतन अग्रवाल ने खुद कार खरीदने के बाद एक लंबी ड्राइव के दौरान रिकॉर्ड किया था।
हत्या से पहले किया पूर्वाभ्यास
जांच में सामने आया है कि आरोपी सिया और चेतन ने केतन को लोहगढ़ किले से नीचे धकेलने से पहले पूर्वाभ्यास किया था। पुलिस ने बताया कि यह अभ्यास कहां किया गया था,उसका खुलासा अभी नहीं किया जा रहा।
यह पूर्वाभ्यास की जरूरत तब पड़ी,जब सिया 14 जून को अपने प्रयास में असफल रही। दोनों आरोपियों ने यह भी सोचा था कि केतन जिंदा बच भी जाएगा तो दिव्यांग हो जाएगा। तब सिया के पास उससे शादी नहीं करने का बहाना होगा। पुलिस मामले में सबूत जुटा रही है और जांच जारी है।
