जोधपुर में खुलेगा ट्रॉपिकल मेडिसिन विभाग

  • मलेरिया,हैजा के इलाज में मिलेगी मदद
  • कोलकाता,जयपुर के बाद देश का तीसरा विभाग -कमला नेहरू चेस्ट अस्पताल परिसर में होगी शुरुआत

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर में खुलेगा ट्रॉपिकल मेडिसिन विभाग।चिकित्सा शिक्षा (ग्रुप-1) विभाग की संयुक्त शासन सचिव डॉ. ज्योति चौहान ने चिकित्सा महाविद्यालय,जोधपुर में नवीन “ट्रॉपिकल मेडिसिन” विभाग खोले जाने की स्वीकृति प्रदान की है। यह विभाग कमला नेहरू चेस्ट एण्ड टीबी अस्पताल परिसर स्थित संक्रामक रोग संस्थान (IDI) के भीतर खोला जाएगा।

उपलब्ध संसाधनों से होगी शुरुआत
विभाग को संस्थान में उपलब्ध इंफ्रास्ट्रक्चर, इक्विपमेंट्स एवं मैन पावर का उपयोग करते हुए खोले जाने की स्वीकृति दी गई है।

प्रधानाचार्य ने बताया लाभ
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ.बीएस जोधा ने बताया कि ट्रॉपिकल मेडिसिन विभाग के खुलने से मलेरिया,हैजा एवं अन्य उष्णकटिबंधीय बीमारियों के इलाज में सहायता मिलेगी। इससे संक्रामक रोगों की बेहतर जांच, उपचार और अनुसंधान संभव हो सकेगा।

देश का तीसरा विभाग
उल्लेखनीय है कि ट्रॉपिकल मेडिसिन का पहला विभाग भारत में सर्वप्रथम कोलकाता में,द्वितीय जयपुर के एसएमएस अस्पताल में खुला हुआ है। जोधपुर में खुलने वाला यह देश का तीसरा विभाग होगा।

इस विभाग के शुरू होने से पश्चिमी राजस्थान में उष्णकटिबंधीय रोगों से पीड़ित मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें विशेषज्ञ उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।