डॉ.प्रदीप कुमार को राष्ट्रीय IEI यंग इंजीनियर्स अवार्ड

कोयंबटूर में होगा सम्मान

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),डॉ.प्रदीप कुमार को राष्ट्रीय IEI यंग इंजीनियर्स अवार्ड। एमबीएम विश्वविद्यालय के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ.प्रदीप कुमार को देश के प्रतिष्ठित IEI यंग इंजीनियर्स अवार्ड 2026 के लिए चुना गया है।

द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स इंडिया यह सम्मान प्रोडक्शन इंजीनियरिंग में उत्कृष्ट योगदान के लिए देता है। पुरस्कार 19-20 जून 2026 को कोयंबटूर में होने वाले 40वें राष्ट्रीय प्रोडक्शन इंजीनियर्स सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न के साथ दिया जाएगा।

जनसंपर्क अधिकारी आर्किटेक्ट कमलेश कुम्हार ने बताया कि देशभर के युवा इंजीनियरों और शोधकर्ताओं के बीच कठोर चयन प्रक्रिया के बाद डॉ. प्रदीप का चयन हुआ। डॉ.प्रदीप का शोध सर्कुलर इकोनॉमी, सस्टेनेबिलिटी,मेटल रीसाइक्लिंग,ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग और संसाधन दक्षता जैसे विषयों पर केंद्रित है।

पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

उन्होंने भारतीय धातु और विनिर्माण उद्योगों में सर्कुलर इकोनॉमी आधारित प्रथाओं के क्रियान्वयन,सतत उत्पादन प्रणालियों और पर्यावरणीय प्रदर्शन सुधार पर महत्वपूर्ण काम किया है। उनके कई शोध-पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित हो चुके हैं। उनके कार्यों को अकादमिक और औद्योगिक जगत में व्यापक सराहना मिली है।

इस उपलब्धि पर एमबीएम विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष है। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इसे विश्वविद्यालय,जोधपुर और राजस्थान के लिए गौरव पूर्ण बताया। यह सम्मान सतत और हरित औद्योगिक विकास के क्षेत्र में भारतीय शोध को नई दिशा देगा।