रविवार को कई ट्रेनें प्रभावित

  • मेडता रोड यार्ड में आरयूबी निर्माण कार्य
  • उत्तर पश्चिम रेलवे ने जारी की रद्द,आंशिक रद्द,मार्ग परिवर्तित और रेगुलेट ट्रेनों की सूची

जोधपुर(दूरदृष्टिन्यूज),रविवार को रेल यातायात प्रभावित।उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के मेड़ता रोड रेलवे स्टेशन यार्ड में समपार फाटक संख्या- 100 पर रोड अंडर ब्रिज के निर्माण कार्य के चलते रविवार को 20 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा जिसके तहत ट्रेनें रद्द, आंशिक रद्द,मार्ग परिवर्तित और रेगुलेट रहेगी।

ड्राई फ्रूट्स के लिए 700 भेजे न पैकेट मिला न पैसे, केस दर्ज

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार यह निर्माण कार्य यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। आरयूबी बनने के बाद समपार फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी तथा सड़क एवं रेल यातायात दोनों अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेंगे।

त्रिपाठी ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान रेल संचालन को सुरक्षित बनाए रखने के लिए कई ट्रेनों को रद्द,आंशिक रद्द,परिवर्तित मार्ग तथा रेगुलेट किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा प्रारंभ करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।

चार प्रमुख ट्रेनें पूरी तरह रद्द
निर्माण कार्य के कारण कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन पूर्णतः निरस्त किया गया है। इनमें मारवाड़ क्षेत्र को हरियाणा एवं राजधानी क्षेत्र से जोड़ने वाली ट्रेनों के साथ जयपुर-जोधपुर मार्ग की प्रमुख ट्रेनें भी शामिल हैं।

-ट्रेन संख्या 14891 जोधपुर-हिसार एक्सप्रेस 24 मई को रद्द रहेगी, जबकि वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 14892 हिसार- जोधपुर एक्सप्रेस 25 मई को संचालित नहीं होगी।

-ट्रेन संख्या 22977 जयपुर-जोधपुर एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 22978 जोधपुर-जयपुर एक्सप्रेस भी 24 मई को रद्द रहेंगी।

इन ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित:-
रेलवे प्रशासन ने कुछ ट्रेनों को पूर्ण रूप से रद्द करने के बजाय आंशिक रूप से संचालित करने का निर्णय लिया है ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।

-ट्रेन संख्या 22422 जोधपुर-दिल्ली सराय एक्सप्रेस 24 मई को जोधपुर के स्थान पर डेगाना से संचालित होगी। ऐसे में यह ट्रेन जोधपुर से डेगाना के मध्य आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

-ट्रेन संख्या 14721 जोधपुर-बठिंडा एक्सप्रेस 24 मई को जोधपुर से नहीं चलकर बीकानेर से संचालित होगी।

-ट्रेन संख्या 14892, हिसार-जोधपुर एक्सप्रेस तथा 22421,दिल्ली सराय-जोधपुर एक्सप्रेस को भी डेगाना तक सीमित कर दिया गया है।

इन ट्रेनों के अस्थाई रूप से मार्ग बदले
रेलवे ने कई महत्वपूर्ण लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित करने का निर्णय लिया है।

-ट्रेन संख्या 14813, जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 24 मई को एक ट्रिप जोधपुर-लूनी-मारवाड़ जंक्शन-अजमेर-फुलेरा मार्ग से चलेगी। इस दौरान ट्रेन को लूनी,पालीमारवाड़, मारवाड़ जंक्शन तथा अजमेर स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा। 23 मई को भोपाल से प्रस्थान करने वाली 14814 भोपाल- जोधपुर एक्सप्रेस फुलेरा- अजमेर-मारवाड़ जंक्शन होते हुए जोधपुर आएगी और अजमेर,मारवाड़ जंक्शन,पाली मारवाड़ व लूनी स्टेशनों पर रुकेगी।

-ट्रेन संख्या 14888, बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस 24 मई तथा 23 मई को ऋषिकेश से प्रस्थान करने वाली ट्रेन संख्या 14887, ऋषिकेश-बाड़मेर एक्सप्रेस को बीकानेर-लालगढ़- फलोदी मार्ग से संचालित किया जाएगा। फलोदी स्टेशन पर इन ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव रहेगा।

-इसी तरह 24 मई को ट्रेन संख्या 14707, हनुमानगढ़- दादर रणकपुर एक्सप्रेस बीकानेर-लालगढ़-फलोदी के रास्ते,14853,वाराणसी सिटी-जोधपुर एक्सप्रेस वाया फुलेरा-अजमेर- मारवाड़ जंक्शन तथा दिल्ली-जैसलमेर रूणिचा एक्सप्रेस भी इसी परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएंगी। अजमेर,मारवाड़ जंक्शन,पाली मारवाड़ व लूनी स्टेशनों पर रुकेंगी।

दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रेन संख्या 22632 बीकानेर-मदुरै एक्सप्रेस को बीकानेर-रतनगढ़-चूरू-सीकर-जयपुर मार्ग से संचालित किया जाएगा। इस ट्रेन को रतनगढ़,चूरू, फतेहपुर शेखावाटी,सीकर और रींगस स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा।

कुछ ट्रेनें देरी से चलेंगी
निर्माण कार्य के कारण कई ट्रेनों को निर्धारित मार्ग पर कुछ समय के लिए नियंत्रित गति से चलाया जाएगा।

-22 मई को प्रस्थान कर चुकी ट्रेन संख्या 15624 कामाख्या-भगत की कोठी एक्सप्रेस रतनगढ़ और मेड़ता रोड के बीच लगभग दो घंटे रेगुलेट रहेगी।

-ट्रेन संख्या 12465 इंदौर-जोधपुर रणथंबौर एक्सप्रेस लगभग 20 मिनट,ट्रेन संख्या 22481 जोधपुर-दिल्ली सराय एक्सप्रेस लगभग 30 मिनट तथा ट्रेन संख्या 12468 जयपुर-जैसलमेर लीलण एक्सप्रेस भी लगभग 30 मिनट तक रेगुलेट रहेगी।

यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व रेलवे हेल्पलाइन, एनटीईएस अथवा रेलवे की आधिकारिक सूचना प्रणाली के माध्यम से अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें। निर्माण कार्य के दौरान स्टेशन पर अतिरिक्त भीड़ और समय परिवर्तन की संभावना को देखते हुए यात्रियों को पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है।