लंबित न्यायिक मामलों में देरी पर रेलवे ने दिखाई सख्ती

रियल टाइम अपडेट के निर्देश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),लंबित न्यायिक मामलों में देरी पर रेलवे ने दिखाई सख्ती।उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में बुधवार को लंबित न्यायिक प्रकरणों की समीक्षा को लेकर मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी ने की जिसमें विभिन्न विभागों के लंबित मामलों और उनकी प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

सालासर सुपरफास्ट में लगेगा अतिरिक्त एसी कोच

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार बैठक में अपर महाप्रबंधक ने लिम्बस पोर्टल पर सभी न्यायालयी प्रकरणों की जानकारी रियल टाइम आधार पर अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित अवमानना मामलों पर चिंता जताते हुए अधिकारियों से इनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में न्यायालयों में जवाब समय सीमा के भीतर प्रस्तुत करने और सिविल कोर्ट के आदेशों की अनुपालना में किसी प्रकार की देरी नहीं होने देने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में जवाब दाखिल करने से पहले तथ्यों व वस्तुस्थिति की पूरी जानकारी होना आवश्यक है,ताकि न्यायालय में रेलवे का पक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके।

उप महाप्रबंधक (विधि) प्रतुल सारोलिया ने प्रकरणों से जुड़े सभी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने, एक्सेप्शन रिपोर्ट का शीघ्र निस्तारण करने तथा जवाब-दावा समय पर दाखिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे अधिवक्ताओं के साथ नियमित आंतरिक बैठकें आयोजित करने की आवश्यकता भी बताई।

बैठक के अंत में अपर महाप्रबंधक ने उत्कृष्ट कार्य के लिए जयपुर मंडल के अनिल तिवारी,निर्माण विभाग के धर्मेन्द्र कुमार शर्मा तथा प्रधान कार्यालय कार्मिक विभाग के दीपक कुमार को सर्वश्रेष्ठ मुख्य विधि सहायक के रूप में सम्मानित किया। उन्हें प्रशस्ति पत्र के साथ दो-दो हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।