कलक्टर ने किया गौशाला मैदान का निरीक्षण
- खेल अवरंचनाओं के सुदृढ़ीकरण एवं व्यवस्थाओं के सुधार के दिए निर्देश
- बिना आईडी प्रवेश पर रोक
- ट्रैक व खेल परिसरों की मरम्मत प्राथमिकता से करने के निर्देश
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कलक्टर ने किया गौशाला मैदान का निरीक्षण।जिला कलक्टर आलोक रंजन ने सोमवार प्रातः शाला क्रीड़ा संगम गौशाला मैदान का निरीक्षण कर खेल व्यवस्थाओं,आधारभूत अवरंचनाओं एवं संचालन व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण से पूर्व उन्होंने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर खेल परिसर के समग्र विकास,अवरंचनात्मक सुदृढ़ीकरण तथा आमजन एवं खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के विषय में विस्तार से चर्चा की।
प्रवेश व्यवस्था में सुदृढ़ मॉनिटरिंग के निर्देश
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने निर्देश दिए कि खेल परिसर की प्रवेश व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित करते हुए आईडी कार्ड प्रणाली की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि केवल अधिकृत व्यक्तियों का ही प्रवेश हो तथा इस संबंध में नियमित निगरानी रखी जाए। साथ ही सभी कोचेस को अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड धारण करने एवं निर्धारित ड्रेस कोड का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ट्रैक व खेल परिसरों की सुरक्षा एवं मरम्मत पर विशेष बल
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि एथलेटिक ट्रैक पर किसी भी प्रकार की सामान्य एक्सरसाइज अथवा गैर-खेल गतिविधियों को प्रतिबंधित किया जाए,जिससे ट्रैक की गुणवत्ता प्रभावित न हो। ट्रैक की क्षतिग्रस्त सतह की शीघ्र मरम्मत कराने तथा सभी खेल कोर्ट्स एवं मैदानों की आवश्यकता अनुसार अवरंचनात्मक सुधार कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।
मैदान एवं अवरंचनाओं का समग्र विकास
रंजन ने मैदान,ट्रैक,स्विमिंग पूल सहित समस्त खेल परिसरों में स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित साइन बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए,ताकि खिलाड़ियों एवं आमजन को आवश्यक जानकारी सहज उपलब्ध हो सके। उन्होंने प्रत्येक गतिविधि के लिए पृथक प्रभारी अधिकारी नियुक्त करने पर बल देते हुए उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आमजन एवं खिलाड़ियों से संवाद
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने उपस्थित आमजन एवं पंजीकृत सदस्यों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को प्रदान किए। उन्होंने मैदान में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों कर्मचारियों ने बढ़चढ़ कर लिया भाग आमजन से सहभागिता की अपील
मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर
जिला कलक्टर ने विद्युत, जलापूर्ति,प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक अवरंचनात्मक सुविधाओं की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से रात्रिकालीन उपयोग के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था विकसित करने पर बल दिया।
सुझाव प्रणाली एवं सतत मॉनिटरिंग पर बल
उन्होंने सभी खेल परिसरों में सुझाव पेटिका स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि खिलाड़ियों एवं आमजन से प्राप्त सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं में सतत सुधार किया जाए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग एवं समय- समय पर मूल्यांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विशेष विकास कार्यों के निर्देश
आलोक रंजन ने योगशाला में आवश्यकतानुसार दीवार निर्माण तथा स्विमिंग पूल को शीघ्र कार्यशील बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न खेलों के लिए पृथक सूची तैयार कर आवश्यक संसाधनों एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा।
स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संपूर्ण परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त राहुल जैन,उपखण्ड अधिकारी (उत्तर)आईएएस श्री प्रीतम कुमार, जेडीए निदेशक (अभियांत्रिकी) महेंद्र सिंह पंवार,उप जिला शिक्षा अधिकारी (शाशि) सुमित्रा पंवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
