जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

जिला कलक्टर आलोक रंजन ने स्व-गणना को अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के दिए निर्देश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में जनगणना 2027 कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ-साथ समस्त उपखंड अधिकारियों,तहसीलदारों,विकास अधिकारियों एवं अन्य विभागीय अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।

आयुर्वेद विवि जोधपुर ने AIIA से किया MoU,आइडिया कैंप लगेंगे

स्व-गणना प्रक्रिया पर विशेष जोर
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने जनगणना 2027 के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि यह जनगणना पूर्णतः डिजिटल एवं पेपरलेस होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) पोर्टल http://se.census.gov.in के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं तथा अपने अधीनस्थ कार्मिकों से भी अनिवार्य रूप से स्व-गणना सुनिश्चित करवाएं।

डिजिटल प्लेटफॉर्म से आसान होगी प्रक्रिया
उन्होंने बताया कि नागरिक अपने मोबाइल अथवा कंप्यूटर के माध्यम से पोर्टल पर जाकर अथवा जारी किए गए QR कोड के माध्यम से लॉगिन कर परिवार का पंजीकरण कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में किसी प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी।

भाषा चयन एवं आईडी जनरेशन की जानकारी
स्व-गणना के दौरान नागरिक अपनी पसंद की भाषा का चयन कर सकेंगे,जिसे बाद में बदला नहीं जा सकेगा। मोबाइल नंबर सत्यापन एवं लोकेशन शेयर करने के पश्चात प्रत्येक उपयोगकर्ता को 12 अंकों की एक विशिष्ट आईडी जनरेट होगी,जिसका पहला अक्षर “X” होगा। उपयोगकर्ता द्वारा प्रश्नों के उत्तर भरकर अंतिम सबमिट करना आवश्यक होगा।

16 मई से 14 जून तक होगा भौतिक सत्यापन
16 मई से 14 जून 2026 के बीच प्रगणक घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करेंगे। इस दौरान नागरिकों को अपनी 12 अंकों की आईडी प्रगणक को उपलब्ध करानी होगी,जिससे दी गई जानकारी को जनगणना ऐप के माध्यम से सत्यापित किया जाएगा।

समयबद्ध क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग के निर्देश
आलोक रंजन ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि स्व-गणना की प्रगति पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा अपने-अपने विभागों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए। जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सभी अधिकारी पूर्ण गंभीरता,पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाएं।

Related posts: