जोधपुर-साबरमती ट्रेन जैसलमेर तक बढ़ेगी,मंडोर सुपरफास्ट का रखरखाव अब जोधपुर में

  • दोनों प्रस्तावों को रेलवे बोर्ड की हरी झंडी
  • तारीख की घोषणा के साथ ही होगा अमल

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर-साबरमती ट्रेन जैसलमेर तक बढ़ेगी, मंडोर सुपरफास्ट का रखरखाव अब जोधपुर में। रेल मंत्रालय ने जोधपुर- साबरमती-जोधपुर सुपरफास्ट ट्रेन को आगे बढ़ाकर जैसलमेर तक चलाने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही दिल्ली-जोधपुर-दिल्ली मंडोर सुपरफास्ट ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव अब साबरमती के बजाय जोधपुर में किया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार ट्रेन संख्या 20486 साबरमती-जैसलमेर एक्सप्रेस रोजाना सुबह 7 बजे साबरमती से रवाना होकर जोधपुर रेलवे स्टेशन पर दोपहर 2.55 बजे आगमन व 3.10 बजे प्रस्थान कर रात 8.30 बजे जैसलमेर पहुंचेगी।

जोधपुर और बीकानेर-हावड़ा ट्रेनों का बांदीकुई स्टेशन पर ठहराव मंजूर

ट्रेन संख्या 20485 जैसलमेर- साबरमती सुपरफास्ट सुबह 6.30 बजे जैसलमेर से चलकर 11.40 बजे जोधपुर रेलवे स्टेशन पर आगमन व 11.50 बजे प्रस्थान कर रात 8 बजे साबरमती पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि इस विस्तार से जैसलमेर के यात्रियों को जालोर-भीलड़ी मार्ग से एक अतिरिक्त सीधी ट्रेन की सुविधा मिलेगी। इससे बार-बार ट्रेन बदलने की परेशानी खत्म होगी और पर्यटन के साथ सीमावर्ती इलाकों में आवाजाही भी बढ़ेगी।

जोधपुर में होने लगेगा मंडोर सुपरफास्ट का मेंटेनेंस
रेल मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 22995/96 दिल्ली-जोधपुर- दिल्ली मंडोर एक्सप्रेस का प्राथमिक रखरखाव भी साबरमती से शिफ्ट कर जोधपुर में करने की मंजूरी दी है। इससे ट्रेन के रेक की जांच,सफाई और तकनीकी तैयारी अब जोधपुर में ही होगी।

इस बदलाव से ट्रेन का टर्नअराउंड टाइम कम होगा और समय पर संचालन में सुधार आने की उम्मीद है। साथ ही तकनीकी खामियों का समाधान भी तेजी से किया जा सकेगा,जिससे यात्रियों को अधिक विश्वसनीय और बेहतर सुविधा मिल सकेगी।