युवक का नाक काटने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

वारदात में प्रयुक्त गाड़ी बरामद

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),युवक का नाक काटने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार। शहर के निकट लूणी क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसकी नाक काटने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में प्रयुक्त एसयूवी वाहन को भी जब्त किया गया है। घायल युवक पर लड़की भगाने का आरोप लगाया गया था।

थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि दो जनवरी को जैरुपराम ने रिपोर्ट दी थी कि उसका छोटा भाई दिनेश अपने दोस्त की एसयूवी लेकर फींच से अपने गांव नैनासर कागनाडा लौट रहा था। रास्ते में शुभदंड की ओरण क्षेत्र में कई वाहनों ने उसका पीछा कर उसे घेर लिया। इसके बाद 20 से 25 लोगों ने लाठियों और सरियों से एक राय होकर उस पर हमला कर दिया।

जोधपुर-रेवाड़ी एक्सप्रेस 13 ट्रिप लोहारू तक ही संचालित होगी

आरोपियों ने युवक के पैर तोड़ दिए और नाक काट दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर युवक को अधमरी हालत में छोडक़र उसकी गाड़ी में तोडफ़ोड़ कर फरार हो गए। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुभदंड निवासी दल्लाराम पुत्र नारायण राम जाट,रामाराम पुत्र हेमा राम,कैलाश पुत्र जेठाराम और प्रकाश पुत्र करनाराम जाट को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से आरोपी प्रकाश के खिलाफ पूर्व में भी लूणी थाने में मारपीट का मामला दर्ज हो रखा है।

पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस जांच में सामने आया कि घायल दिनेश के खिलाफ 26 दिसंबर को युवती को बहला- फुसलाकर भगा ले जाने की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस के दबाव के बाद युवती थाने पहुंच गई थी।