सजधज कर पहुंची महिलाएं,दुल्हन व छात्राएं वोट देने

  • विधानसभा मतदान की झलकियां
  • मसूरिया में हुई तीखी झड़प
  • एक ही परिवार के 16 लोगों का नाम काटने का आरोप
  • ईवीएम खराब और मतदान देर से शुरू हुआ
  • नियमों की उड़ी धज्जियां
  • समर्थक पार्टी का करते रहे प्रचार
  • पुलिस उपायुक्त बूथों पर जाकर करते रहे मॉनिटरिंग

जोधपुर,सजधज कर पहुंची महिलाएं,दुल्हन व छात्राएं वोट देने।शनिवार को राजस्थान विधानसभा के लिए हुए मतदान के दौरान कई तरह की झलकियां देखने को मिली। कहीं महिलाएं सजधज कर बोट देने आई तो कहीं पहली बार वोटिंग करने पहुंची छात्राएं और नई नवेली दुल्हन। मसूरिया इलासके में तीखी झड़प भी हुई। कई जगह मतदाओं के नाम कटने की भी शिकायते मिली। एक जगह तो एक ही परिवार के 16 लोगों का नाम काटने का आरोप भी लगा। सूरसागर के एक बूथ पर ईवीएम खराब होने से मतदान देर से शुरू हुआ।

सजधज कर पहुंची महिलाएं
विधानसभा चुनाव के इस महा पर्व में सुबह से ही उत्साह के साथ मतदान किया गया। महिलाएं अपने अपने घरों से सजधज कर निकली और उत्साह के साथ मतदान किया। महिलाएं मतदान स्थलों पर अपने छोटे बच्चों को लेकर भी पहुंची।

यह भी पढ़ें- छुटपुट घटनाओं को छोड़कर जिले में मतदान शांतिपूर्ण रहा, कुड़ी में पर्चियां फाड़ी,टेबलें पलटी

पहली बार वोटिंग करने पहुंची छात्राएं और नई नवेली दुल्हन 
सुबह से चल रहे मतदान के समय कई कॉलेज छात्राएं पहली बार मतदान का हिस्सा बनने पहुंची। छात्रा भव्या ने बताया कि वह पहली बार वोट डालने आई है। वे चाहती है कि उनका देश प्रगति करें और विकास करेें इस उद्देश्य से वोट दिया है।

तब्बसुम का निकाह, सहेली के साथ पहुंची
भीतरी शहर में एक बूथ पर तब्बसुम ने कहा कि आज उसकी शादी है और पहली बार ही वोट डालने आई है, जिसकी उसे खुशी है। उसके साथ में उसकी सहेली फरहान अंसारी ने कहा कि वह भी पहली बार वोट डालने आई है। पहली बार वोट डालने की उन्हें खुशी महसूस हो रही है और अच्छा लग रहा है।

इसे भी देखिए- यात्रियों की सुविधा के लिए आज चलेगी छह स्पेशल ट्रेनें

मसूरिया में तीखी झड़प 
मसूरिया बाबा रामदेव मंदिर के सामने सुबह एक पोलिंग बूथ पर पार्टी विशेष के समर्थकों के साथ पुलिस की तीखी नोंकझोंक हो गई। विवाद बढऩे पर नगर निगम दक्षिण की मेयर वनिता सेठ को भी वहां पहुंचना पड़ा। बाद में पुलिस के एएसआई को वहां से रवाना किया गया। कुछ युवकों द्वारा पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया जा रहा था।

एक ही परिवार के 16 लोगों का नाम काटने का आरोप
शास्त्रीनगर ए सेक्टर में एक परिवार के मुखिया ने बताया कि उनके नए भवन का कार्य चल रहा है और परिवार वहां शिफ्ट हो रखा है। वे आज परिवार के साथ वोट डालने आए है मगर परिवार में 16 लोगों का नाम वोटिंग लिस्ट से काट दिया गया है। वे इधर उधर भटकते देखे गए।

ईवीएम खराब और मतदान देर से शुरू हुआ 
सूरसागर के एक बूथ पर सुबह ईवीएम की गड़बड़ी के चलते मतदान देरी से शुरू हो पाया। यहां पर बूथ पर एक हजार वोटर थे मगर काफी धीमी मतदान प्रक्रिया को लेकर भी लोगों ने रोष जाहिर किया।

नियमों की उड़ी धज्जियां,समर्थक पार्टी विशेषों का प्रचार करते रहे
चुनाव आयोग द्वारा दो दिन पहले ही मतदान प्रचार के लिए शहर में लगे बैनर झंडियों को हटवा गया था। मगर उसके बावजूद आज नियमों की धज्जियां उड़ती देखी गई। शास्त्रीनगर में एक प्रत्याशी के समर्थक द्वारा कार पर पोस्टर लगाकर भ्रमण करने पर विरोध जाहिर किया गया। भीतरी शहर में एक पार्टी समर्थक गले में पार्टी का मफलर लगाए घूमता रहा। कुछ गलियां में पार्टी विशेष की झंडियां और बैनर लगे नजर आए।

पुलिस उपायुक्त बूथों पर जाकर करते रहे मॉनिटरिंग 
पुलिस उपायुक्त पश्चिम गौरव यादव सुबह से ही जिला पश्चिम के कई बूथों पर भ्रमण कर व्यवस्थाओं को देखने के साथ सुरक्षा जायजा लिया। वे पुलिस लवाजमें के साथ कई बूथों पर सुरक्षा की दृष्टि से अवलोकन करने पहुंचे।

सेेंट्रल एकेडमी स्कूल के पास में दो पार्टीयों के समर्थक भिड़े 
डीसीपी वेस्ट गौरव यादव ने बताया कि कुड़ी एरिया मेें सेंट्रल एकेडमी स्कूल है। यहां पास में दो पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए थे। मामला ज्यादा नहीं बढ़े इसके लिए एडीसीपी वेस्ट चंचल मिश्रा को वहां भेजा गया। जानकारी मिली कि कुछ लोगों द्वारा टेबलें उलटपुलट करने के साथ पर्चियां फाड़ दी गई। सुरक्षा की दृष्टि से वहां प्रशिक्षु आरपीएस शिवमजोशी को अतिरिक्ति जाब्ते के साथ तैनात रखा गया।

वोट देने अफ्रीका से जोधपुर आए जुनैद 
ज्वाला विहार सुथला जोधपुर के रहने वाले हाफिज मोहम्मद इकबाल के पुत्र मोहम्मद जुनैद मतदान करने के लिए शनिवार सुबह ही जोधपुर आए है। इन्होंने अफ्रीका से जोधपुर आने का प्रोग्राम इस तरह से बनाया ताकि वह अपना वोट भी दे सके और इन्होंने अपना वोट देकर के लोकतंत्र को मजबूत बनाया।मोहम्मद जुनैद ने कहा कि वह पिछले 5 वर्षों से अफ्रीका के बुर्किना फासो में कार्यरत है। वह 22 नवम्बर को अफ्रीका के बुर्किना फासो देश से रवाना हुए। वह 4 फ्लाइट बदल कर दिल्ली पहुँचे,फिर दिल्ली से मंडोर एक्सप्रेस से शनिवार सुबह ही जोधपुर आये। मुझे इस बात की बहुत खुशी है कि मैं इस लोकतंत्र के उत्सव में अपना योगदान दे पाया।

जिला कलेक्टर सपत्नीक किया मतदान 
जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने अपनी पत्नी के साथ मतदान किया। जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने बताया कि जोधपुर में बहुत ही शांतिपूर्ण वातावरण के साथ मतदान की प्रक्रिया की जा रही है इस दौरान मतदाताओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। हिमांशु गुप्ता अपनी पत्नी के साथ मतदान करने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे। उन्होंने लोकतंत्र पर्व पर शुभकामनाएं दी।

93 साल के बीमार जोशी ने दिया मतदान में योगदान 
रामनिवास जोशी उम्र 93 निवासी खेतानाडी माहेश्वरी कॉलोनी ने राजस्थान जटिया विकास संस्थान भवन में सरदारपुर विधानसभा के बूथ संख्या 97 में मतदान किया। वे 19 नवंबर को एक सडक़ दुर्घटना में रीढ़ की हड्डी में चोट लगने बीमार हो गए। उन्हें मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती करवाया उन्हें आज लोकतंत्र के पावन पर्व में मतदान के लिए एंबुलेंस से मतदान केंद्र तक लाया गया रामनिवास ने अपने दामाद शम्भु प्रकाश दाधीच,पुत्र योगेन्द्र जोशी के पास स्वयं से मतदान करने का आदेश  दिया व कहा कि अगर मुझसे मतदान नहीं करवाया तो में इलाज नहीं करवाऊँगा। कृष्ण गोपाल,मयंक दाधीच,वैराग्य जोशी ने एम्बुलेंस में मतदान केंद्र पर ले जाकर मतदान करने में सहयोग किया व मतदान की महत्ता का उदाहरण दिया।

लोग वोटिंग मेें व्यस्त,महिला के गले से तोड़ी चेन 
शहर के सिवांची गेट से बकरामंडी के रास्ते पर दो लडक़ों ने एक महिला की चेन लूटने का प्रयास किया। मगर वहां वोट डाल रहे जागरूक लोगों ने दो लडक़ों को पकडऩे का प्रयास किया। एक तो भाग गया मगर दूसरा पब्लिक के हत्थे चढ़ गया। लोगों ने उसे पकड़ कर पहले धुना फिर पुलिस के हवाले कर दिया।

कई लोग वोट देने से वंचित 
इस लोकतंत्र के महापर्व में वोट देने लोग विदेश से अपने घरों को लौटे। मगर यहां आकर उन्हें निराशा ही हाथ लगी। कई लोगों को वोट देने से वंचित होना पड़ गया। दुबई के शारजहा से यहां आए कुूलभूषण व्यास,अनुराधा व्यास हर बार विधानसभा चुनाव मे वोट देने आते हैं। मगर वे इस बार वोटिंग में अपना नाम कटा देखकर हैरान और परेशान हो गए। कुलभूषण व्यास यहां प्रतापनगर इलाके में रहते है। कई ऐसे लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए है।

समय बीतने के बाद भी वोटरों की लगी रही लाइन,व्यवस्थाएं चरमराई
सूरसागर विधानसभा क्षेत्र के चांदपोल रोड पर एक बूथ पर शाम छह बजे बाद भी वोटरों की लाइन लगी रही। पहले यहां धीमी गति से वोटिंग चली फिर जब वोटिंग बढऩे लगी तो समय हो गया। इस बीच काफी संख्या में वोटरों की लाइन लग गई। हाथों पर्चियां लिए वोटर इंतजार करते रहे। इसके साथ ही वहां पर हंगामा होने लग गया। पार्टी विशेष के प्रत्याशी की तरफ से अपने वोटरों को लेकर आने की सूचना पर माहौल और गर्मा गया और वहां हंगामा ज्यादा बढ़ गया। पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता भी वोटरों को नहीं संभाल पाया। बूथ के बाहर गेट भी बंद कर दिया। प्रशिक्षु एसीपी मीनाक्षी लेगा व्यवस्था को संभाले हुए थी। वहां पर गहमागहमी का माहौल बना हुआ था।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन यहां से इंस्टॉल कीजिए https://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews