छुटपुट घटनाओं को छोड़कर जिले में मतदान शांतिपूर्ण रहा, कुड़ी में पर्चियां फाड़ी,टेबलें पलटी

  • प्रदेश के 199 सीटों पर आज सुबह से चल रहा उत्साह के साथ मतदान
  • जोधपुर में छुटपुट झड़प के साथ दोपहर तक मतदान शांतिपूर्ण
  • चाक चौबंद रही व्यवस्थाएं
  • लाइनों में लगे नेता और आमजन

जोधपुर,छुटपुट घटनाओं को छोड़कर जिले में मतदान शांतिपूर्ण रहा, कुड़ी में पर्चियां फाड़ी,टेबलें पलटी।लोकतंत्र का महापर्व मतदान शनिवार की सुबह सात बजे शुरू हो गया। सुबह से ही लोगों ने उत्साह के साथ महादान कर अपना फर्ज निभाया और भावी सरकार को चुन लिया। 3 दिसम्बर को प्रत्याश्यिों के भाग्य का पिटारा खुलेगा और किस्मत के धनी सत्ता पर बैठेंगे। जोधपुर जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। कहीं से कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं मिली है। कुछ छुटपुट घटनाओं को छोडक़र मतदान शांतिपूर्ण रहा। कुड़ी इलाके में सेंट्रल एकेडमी स्कूल के नजदीक दो पार्टियों के समर्थक आपस में उलझे और टेबलें उलटने के साथ पर्चियां भी फाड़ दी गई। काफी संख्या में यहां लोग एकत्र हो रखे थे। बाद में सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया। इस घटना की पुष्टि पुलिस उपायुक्त पश्चिम गौरव यादव की तरफ से की गई। जिला पश्चिम में ही मसूरिया क्षेत्र में पुलिस कर्मी के साथ तीखीं झड़प के बाद माहौल गर्मा गया। बाद में यह शांत हो गया।

यह भी पढ़िए – सूरसागर विधानसभा क्षेत्र मेें रात नौ बजे बाद फिर हुई वोटिंग

जोधपुर जिले की दस विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया आरंभ हो गई। सुबह से ही लोगो ने उत्साह के साथ मतदान की प्रक्रिया में भाग लेकर निष्पक्ष और स्वतंत्र और विकासवादी सरकार को चुन लिया। हालांकि जोधपुर शहर में कुछ स्थानों पर ईवीएम की खराबी के साथ समय पर वोटिंग शुरू नहीं होने, कईयों का मतदाता सूचियों में नाम नहीं होने की शिकायतें भी मिलती रही तो कुछ स्थानों पर फर्जी वोटिंग को लेकर भी विरोध देखा गया। पुलिस के साथ आर्मी के जवानों ने चाक चौबंद व्यवस्था के साथ मतदान को संपन्न करवाया।

इसे भी पढ़ें- ओसियां में सर्वाधिक 78.31 प्रतिशत मतदान

प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत,पूर्व सांसद एवं पूर्व नरेश गजसिंह सहित कई स्थानीय प्रत्याशियों की तरफ से सपरिवार वोटिंग में हिस्सा लिया। सुबह से ही नेताओं ने अपने अपने मतदान स्थल पर पहुंच कर लोगों की हौंसला अफजाई की और वोटिंग के लिए प्रेरित किया। नेताओं ने अपने वक्तव्य में अलग अलग विचार रखें।

मुख्यमंत्री गहलोत 
प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपनी पत्नी सुनीता गहलोत,पुत्र वैभव गहलोत सहित भतीजे के साथ मतदान के लिए महामंदिर जैन स्कूल पर वोट देने पहुंचे। यहां मतदान के बाद मीडिया से बाचतीत में उन्होंने फिर से प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने का दावा किया और केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी की गारंटियां फेल हो गई हैं। कांग्रेस की गारंटियां ही उन्हेे फिर से रिपीट करेगी। मतदान से पहले मुख्यमंत्री प्रतीक बालाजी मंदिर में दर्शन करने भी गए और मन्नत मांगी। उन्होंने कहा पूजा करना व्यक्तिगत मामला होता है।

वैभव गहलोत 
आरसीए चैयरमैन वैभव गहलोत ने मतदान के बाद कहा कि कांग्रेस फिर से राजस्थान में सरकार बनाएगी। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक मतदान की अपील करते हुए कहा कि सात गारंटियां मास्टर स्ट्रोक बनकर सरकार बनाने में मदद करेगी।

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री शेखावत 
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत अपनी पत्नी,दो बेटियो के साथ एक सरकारी स्कूल पर मतदान के लिए पहुंचे। यहां मतदान के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस बार प्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। लोगों में मतदान को लेकर जो उत्साह दिख रहा है उससे साफ लगता है कि इस बार जनता प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएगी। आजादी के समय मतदान प्रतिशत 35 हुआ करता था जो अब 70 प्रतिशत तक हो गया है। उन्होंने लोगों से शत प्रतिशत मतदान की अपील की। कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते कहा कि अपराध और महिलाओं पर अपराध बढ़े हैं। पेपर लीक की घटनाएं और महिलाओं द्वारा उत्साह से किया जा रहा मतदान इस बात का साफ संकेत है कि राजस्थान में सरकार बदलने वाली है।

पशु पालन एवं खादी बोर्ड अध्यक्ष सोलंकी
पशुपालन एवं खादी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्रसिंह सोलंकी ने सुबह मतदान के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि जनता में कांंग्रेस को फिर से सत्ता में लाने का उत्साह है। कांग्रेस सरकार द्वारा जो योजनाएं चलाई है वह अतुल्यनीय हैं। योजनाओं के असर से ही इस बार राजस्थान में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा शुरू की गई योजनाओं के जानकारी दी कि किस प्रकार उन्होंने जनता को राहत प्रदान की है। उन्होंने चिरंजीवी योजना से लेकर सस्ते दाम पर मिलने वाले गैस सिलेण्डरों का जिक्र किया।

शहर विधायक मनीषा पंवार
शहर विधायक मनीषा पंवार आज अपने पति के साथ मतदान करने पहुंची। उन्होने मीडिया से बातचीत में मतदाताओं को लोकतंत्र के इस महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि जो व्यक्ति देश और समाज हित में काम करें उसे चुने ताकि देश का विकास हो सकें।

राज्यसभा पूर्व सांसद पंचारिया 
राज्यसभा के पूर्व सांसद नारायण पंचारिया ने मतदान के बाद कहा कि मतदाता अधिकाधिक मतदान करें। जिससे ऐसी सरकार बने जो राष्ट्रहित में कार्य करें। भय मुक्त होकर सरकार का चयन करें।

राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत 
राज्यसभा से सांसद राजेंद्र गहलोत ने मतदान के बाद मीडिया से बातचीत की और कहा कि यह बात साफ हो गई है कि इस बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा संगठन पर कार्य करती है,बूथ से लेकर संगठन तक कार्यकर्ता काम करते हैं। सात गारंटियों पर कहा कि काठ की हांडी बार बार नही चढ़ती जनता सब जानती है। इस बार कांग्रेस की विदाई तय है।

देवेंद्र सालेचा 
भारतीय जनता पार्टी के शहर जिलाअध्यक्ष देवेेंद्र सालेचा ने मतदान के बाद मीडिया से कहा कि आमजन विकासवाद को ध्यान में रखते हुए वोट करें। लोगों को इस भ्रष्ट सरकार से मुक्ति पानी है तो सही वोटिंग करें।

पूर्व सांसद एवं पूर्व नरेश गजसिंह 
पूर्व सांसद एवं पूर्व नरेश गजसिंह अपनी पत्नी हेमलता के साथ वोट करने न्यू गवरमेंट स्कूल पर पहुंचे। यहां मतदान के बाद कहा कि लोगो को अधिकाधिक मतदान करना चाहिए। सोच समझ कर अपनी सरकार चुनने का अधिकार है। ज्यादा मतदान करेंगे तो साफ छवि वाली सरकार मिलेगी। जो आपकी डिमाण्ड पूरी करते है उसी सरकार को चुनें।

सूरसागर प्रत्याशी देवेंद्र जोशी 
सूरसागर से प्रत्याशी देवेेंद्र जोशी ने लोगों से अधिकाधिक मतदान की अपील की। मतदान विकासवाद को देखकर करें।

अतुल भंसाली 
शहर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी अतुल भंसाली ने अधिकाधिक मतदान की अपील की और भाजपा के कमल को खिलाने की बात की। उन्होंने अपने काकाश्री कैलाश भंसाली को भी इस अवसर पर याद किया।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन यहां से इंस्टॉल कीजिए https://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews