नानीबाई रो मायरो के स्वागत में महिलाओं ने रचाई मेहंदी

मांगलिक उत्सव की तरह सज धजकर आने की अपील

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),नानीबाई रो मायरो के स्वागत में महिलाओं ने रचाई मेहंदी। अग्रसेन फ्रेंड्स क्लब संस्थान, जोधपुर द्वारा 21,22 व 23 अगस्त को गांधी मैदान,सरदारपुरा में आयोजित होने जा रहे भव्य धार्मिक आयोजन “नानीबाई रो मायरो” के उपलक्ष्य में आज क्लब की महिला सदस्यों द्वारा उत्साहपूर्वक मेहंदी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सेतरावा में एनसीसी कैडेट्स भर्ती आयोजित

कार्यक्रम संयोजक दीपक मंगल ने बताया कि महिलाओं ने अपने हाथों पर मेहंदी रचाकर इस धार्मिक एवं मांगलिक आयोजन के प्रति अपनी श्रद्धा और उत्साह को अभिव्यक्त किया।

मांगलिक उत्सव जैसी भावना
रुचि गुप्ता ने कहा कि जिस प्रकार घर-परिवार के मांगलिक अवसरों पर महिलाएं मेहंदी रचाती हैं, सजती-संवरती हैं और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं,उसी भावना से “नानीबाई रो मायरो” को भी मनाया जा रहा है। क्लब के सभी सदस्य एवं उनके परिवार इस आयोजन में पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ सम्मिलित होंगे।

विनीता अग्रवाल ने बताया कि मेहंदी कार्यक्रम में कमलेश मित्तल,मीनू सिंगल,किरन अग्रवाल, अरुणा सिंगल,अरुणा मंगल, हेमलता गोयल,रेसू गोयल सहित क्लब की अनेक महिला सदस्य उपस्थित रहीं। सभी ने संकल्प लिया कि इस आयोजन को एक पारिवारिक मांगलिक उत्सव की तरह मनाया जाएगा।

अनुराधा गर्ग ने कहा कि क्लब की महिलाओं एवं परिवारों में नानीबाई रो मायरो को लेकर विशेष उत्साह है। सभी सदस्य सपरिवार इस भक्ति महोत्सव में सम्मिलित होकर कथा का पुण्य लाभ लेंगे।

जोधपुर वासियों से अपील
अरुणा मंगल ने जोधपुर की माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि जिस प्रकार हम विवाह व अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में मेहंदी रचाकर और सज-धजकर सम्मिलित होते हैं,उसी प्रकार “नानीबाई रो मायरो” में भी महिलाएं सपरिवार पधारें। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर इस आयोजन को जोधपुर का भव्य मांगलिक एवं भक्ति उत्सव बनाएं।

फ्रेंड्स क्लब के अध्यक्ष मनदीप गर्ग ने बताया कि 21 से 23 अगस्त तक गांधी मैदान में गोवत्स राधाकृष्ण “नानीबाई रो मायरो” की भावपूर्ण कथा वाचन करेंगे। उन्होंने समस्त जोधपुर वासियों से सपरिवार इस कथा का पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया है।