तीन माह से फरार डोडा पोस्त तस्करी का वांछित आरोपी गिरफ्तार
28.610 किलो डोडा पोस्त पहले हो चुका था बरामद
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),तीन माह से फरार डोडा पोस्त तस्करी का वांछित आरोपी गिरफ्तार। डांगियावास थाना पुलिस ने डोडा पोस्त तस्करी के मामले में पिछले करीब तीन माह से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पशु बाड़े में छिपाकर रखा गया 28.610 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त पूर्व में बरामद किया गया था।
पुलिस उपायुक्त जोधपुर पूर्व मनीष चौधरी के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि थाना डांगियावास में दर्ज प्रकरण संख्या 69, 5 जून के एनडीपीएस एक्ट में वांछित आरोपी श्रवण विश्नोई पुत्र भाखरराम विश्नोई, निवासी जाणियों की ढाणी, बिड़ासनी, थाना डांगियावास को गिरफ्तार किया गया।
पशु बाड़े में छिपाकर रखा डोडा पोस्त
पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा अवैध डोडा पोस्त लाकर अपने रहवासी मकान के पीछे बने पशु बाड़े में छिपाकर रखा गया था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर बाड़े से 28.610 किलो डोडा पोस्त बरामद किया था। कार्रवाई के बाद आरोपी फरार हो गया और अलग-अलग स्थानों पर रहकर गिरफ्तारी से बच रहा था। 28 सितंबर को आरोपी के जोधपुर आने की सूचना मिलने पर डांगियावास पुलिस टीम ने उसे दस्तयाब किया।
पूछताछ एवं अनुसंधान के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थानाधिकारी राजूराम काला, एएसआई शेषाराम सहित पुलिस थाना डांगियावास की टीम शामिल थी।
