निजी अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा

गलत खून चढ़ाने और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),निजी अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा। इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने निजी अस्पताल में जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने गुस्से में अस्पताल के गेट का शीशा भी तोड़ दिया और हॉस्पिटल स्टाफ से धक्कामुक्की की। सूचना मिलने पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची,तो उसने कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद आक्रोशित परिजनों को शांत करवाया।

यह मामला लिंक रोड स्थित कमला नेहरू हॉस्पिटल का है। परिजनों का आरोप है कि महिला को गलत खून चढ़ाने से उसकी मौत हुई है। इलाज में डॉक्टर पर कोताही बरते जाने का आरोप लगाया गया है।

देवनगर थानाधिकारी सोमकरण ने बताया कि प्रतापनगर की रहने वाली नजमा (40) को 21 जून को डिलीवरी के लिए अस्पताल लेकर आए थे। परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के बाद महिला को गलत खून चढ़ा दिया गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।

राजस्थान-हरियाणा में ऐतिहासिक समझौता

हालत बिगडऩे पर उसे मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर कर दिया गया,जहां 26 जून को उसे भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि कमला नेहरू अस्पताल प्रशासन की घोर लापरवाही और गलत खून चढ़ाने की वजह से ही नजमा की जान गई है।

दूसरी ओर कमला नेहरू अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. राम गोयल ने कहा कि महिला का अस्पताल में बेहतर से बेहतर इलाज किया गया था। महिला के शरीर में खून की कमी थी और उसे शुगर (मधुमेह) की भी समस्या थी।

महिला को पहले दो यूनिट खून चढ़ाया गया था,जिसके बाद एक यूनिट और खून चढ़ाया गया। इसी दौरान अचानक ब्लड रिएक्शन हो गया। यह एक तरह का अनपेक्षित हादसा है,इसमें अस्पताल प्रशासन की ओर से लापरवाही जैसी कोई बात नहीं है।