Doordrishti News Logo

45 किलो डोडा-पोस्त के साथ दो तस्कर अरेस्ट

  • नाकाबंदी तोड़ी पुलिया से टकराई चोरी की कार
  • 8 फर्जी नंबर प्लेटें भी जब्त

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),45 किलो डोडा-पोस्त के साथ दो तस्कर अरेस्ट। जोधपुर में नाकाबंदी तोडक़र भाग रहे दो तस्करों को पुलिस ने 45 किलो डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 8 फर्जी नंबर प्लेटें भी जब्त की है।

तस्कर किआ सेल्टोस कार से पुलिस से बचने के लिए नाकाबंदी तोडक़र भाग रहे थे, इस दौरान उनकी कार पुलिया से टकरा गई और क्षतिग्रस्त हो गई। डांगियावास थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम जोधपुर ईस्ट ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुट गई है।

राष्ट्रबोध के बिना सुरक्षित-संरक्षित भारत की कल्पना अधूरी

गिरफ्तार आरोपियों के नाम तस्कर सुभाष उर्फ रोहित पुत्र महिराम विश्रणोई और रामप्रकाश उर्फ रोनी बाबल पुत्र हनुमानराम विश्नोई, निवासी बाबलों का बास फिटकासनी, थाना कुड़ी भगतासनी है। दरअसल पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया और डीसीपी ईस्ट मनीष चौधरी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को किआ सेल्टोस गाड़ी में डोडा पोस्त तस्करी की पुख्ता सूचना मिली थी।

शनिवार को जब दांतीवाड़ा पुलिया के नीचे नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध ग्रे रंग की किआ सेल्टोस को रुकने का इशारा किया गया,तो ड्राइवर ने गाड़ी को तेज रफ्तार में भगाने का प्रयास किया। इस दौरान गाड़ी बेकाबू होकर पुलिया से टकराकर रुक गई। दुर्घटना के बाद पुलिस टीम ने तुरंत गाड़ी में सवार दोनों व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा। जब गाड़ी की गहन तलाशी ली गई तो अंदर प्लास्टिक के दो कट्टों में 45.290 किलो डोडा पोस्त मिला।

पड़ताल में सामने आया कि तस्करों की गाड़ी भी चोरी की है। इतना ही नहीं, पुलिस को गाड़ी के अंदर अलग-अलग नंबरों की 8 फर्जी नंबर प्लेटें भी मिलीं। आरोपी पुलिस और नाकेबंदी को चकमा देने के लिए हर जिले की सीमा पार करते ही गाड़ी की नंबर प्लेट बदल देते थे।