लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार
- जोधपुर में एजीटीएफ की बड़ी कार्रवाई
- पंजाब पुलिस ने घोषित कर रखा था 5-5 लाख रुपए का इनाम
- जोधपुर में आए थे बड़ी वारदात को अंजाम देने
- फाजिल्का और अबोहर में कपड़ा व्यापारी की हत्या के मामलों में थे वांछित
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार। राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने जोधपुर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए लॉरेंस- आरजू बिश्नोई गैंग के दो कुख्यात और इनामी शार्प शूटरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए बदमाशों पर पंजाब पुलिस की ओर से 5-5 लाख रुपये का भारी-भरकम इनाम घोषित था।
यह दोनों बदमाश जोधपुर शहर में किसी बड़ी सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के इरादे से आए थे। यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एटीएस, एजीटीएफ और एएनटीएफ) दिनेश एमएन के निर्देशन तथा उपमहानिरीक्षक योगेश यादव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा के सुपरविजन में की गई।
फील्ड में इस ऑपरेशन का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक रविंद्र प्रताप, पुलिस निरीक्षक सुनील जांगिड़ एवं राम सिंह ने किया। गिरफ्तार अभियुक्त हरसिंह रायनगर,फाजिल्का (पंजाब) निवासी जसकरण सिंह उर्फ करण उर्फ सन्नी उर्फ कट्टा और बलुआना थाना सदर अबोहर,फाजिल्का निवासी राजिन्दर उर्फ बिल्ला है।
तेज हवाओं के साथ हुई बारिश,पेड़ गिरे
गिरफ्तार जसकरण सिंह उर्फ करण और राजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला लॉरेंस- आरजू बिश्नोई गैंग के शार्प शूटर हैं। पंजाब पुलिस को लंबे समय से दोनों की तलाश थी। दोनों अबोहर में कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा की हत्या तथा फाजिल्का में एक अन्य व्यक्ति साहिल सेन की रंजिशवश हत्या सहित कई मामलों में वांछित बताए गए हैं।
इन्हीं मामलों के चलते पंजाब पुलिस ने दोनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पंजाब में वारदातों को अंजाम देने के बाद दोनों के नेपाल भागने की सूचना एजीटीएफ को मिली थी। इसके बाद टीम ने दोनों की गतिविधियों और संभावित ठिकानों को लेकर लगातार आसूचना विकसित की।
एमपी से सिरोही होते हुए जोधपुर आने की मिली सूचना
इसी दौरान एजीटीएफ के एएसआई राकेश को सटीक और पुख्ता सूचना मिली कि दोनों शूटर मध्य प्रदेश से सिरोही होते हुए जोधपुर शहर में किसी बड़े व्यापारी या व्यक्ति को निशाना बनाने आ रहे हैं। सूचना के बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और लगातार जानकारी जुटाई गई। दोनों के सिरोही पहुंचने के बाद मुखबिर से उनके संबंध में पुख्ता सूचना मिली। इसके आधार पर एजीटीएफ ने जोधपुर में अपनी कार्रवाई तेज कर दी।
टीम ने जोधपुर शहर में पुलिस उपाधीक्षक संदीप तथा एयरपोर्ट थाना प्रभारी भरत सिंह और उनकी टीम के विशेष सहयोग से दोनों शार्प शूटरों को दबोच लिया। कार्रवाई में एजीटीएफ के एएसआई राकेश की विशेष भूमिका रही। आरोपियों की गिरफ्तारी में पुलिस निरीक्षक रामसिंह,हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार,कांस्टेबल रविन्द्र सिंह, सुमेर सिंह, राकेश,राकेश कुमार तथा कांस्टेबल चालक दिनेश चंद की भूमिका रही। कार्रवाई में एयरपोर्ट थानाधिकारी भरत सिंह रावत मय टीम का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
