दो शातिर चोर गिरफ्तार चोरी की सात बाइक बरामद
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),दो शातिर चोर गिरफ्तार चोरी की सात बाइक बरामद। भगत की कोठी थाना पुलिस ने दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों से गाडिय़ां चुराते थे।
ग्रामीण एसपी ने किया बालेसर थाने का निरीक्षण
पुलिस ने इस कार्रवाई के लिए करीब 700 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों को दबोच लिया। भगत की कोठी थानाधिकारी संतोष चौधरी की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। भगत की कोठी थाने में जनता कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
इसमें बताया कि 23 जुलाई को दोपहर 2.30 बजे उन्होंने अपनी बाइक पाई क्लासेज,सेंट एन्स स्कूल के पास की दीवार के पास खड़ी की थी। शाम 5.30 बजे जब वे वापस लौटे तो बाइक गायब थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए थानाधिकारी संतोष चौधरी ने चोरी की घटनाओं का एक डेटाबेस तैयार किया।
इसके बाद एएसआई सेठाराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने इलाके के लगभग 700 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को चिन्हित कर हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों रतन मुनी नगर, सांगरिया निवासी सुनील चौधरी पुत्र पुखराज चौधरी और जोगसिंह पुत्र शिवसिंह ने 7मोटरसाइकिलें चुराने की बात कबूल कर ली।
इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर अलग- अलग स्थानों से चोरी की 7 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। आरोपी सुनील के खिलाफ पहले से वाहन चोरी के 5 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
