Doordrishti News Logo

तीन घरों से चोरों ने लाखों का माल उड़ाया

जोधपुर,(डीडीन्यूज)।तीन घरों से चोरों ने लाखों का माल उड़ाया। कमिश्नरेट में नकबजनों ने रात्रि के समय सूने मकानों में सैंध लगाकर लाखों के आभूषणों के साथ हजारों की नगदी पर हाथ साफ किया है।

इसे भी पढ़ें – अधेड़ ने फंदा लगाकर दी जान

कुड़ी पुलिस ने बताया कि मूलत : जयपुर के ब्रह्मपुरी हाल सेक्टर 8 कुड़ी भगतासनी में रहने वाले बन्नें सिंह चौहान पुत्र जनक सिंह ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि वह 12 फरवरी को महाकुंभ में नहाने के लिए गया था। वापिस 17 फरवरी की आधी रात को लौटा तो घर में चोरी का पता लगा। इस पर उसने पुलिस नियंत्रण कक्ष में सूचना दी। बाद में कुड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया।

अज्ञात चोर घर से सोने की चेन, सिक्के,कानों के पत्ते,लूंग फीणी, अंगूठी के अलावा चांदी का कड़ा, हाथी,कटोरी गिलास, गाय, बिजली का इटरसन,32 इंच टीवी के अलावा 15 हजार की नगदी ले गए। एसआई रामभरोसी की तरफ से इसमें अब जांच की जा रही है।

मानपुरा लक्ष्मण नगर झालामंड में रहने वाले गणेशराम पुत्र भाउ राम आचार्य ने रिपोर्ट दी कि वह 15 फरवरी को अपने ससुराल सादड़ी में शादी समारोह में गया था। वापिस 19 को लौटा तो उसके सूने मकान में ताले टूट मिले। अज्ञात चोर वहां से 20-25 हजार की नगदी,सोने की अंगूठी और कुछ चांदी के आइटम आदि चोरी कर ले गए।

इसी तरह लूणी पुलिस ने बताया कि धुंधाड़ा गांव में एक बंद मकान में चोरी हुई। इस बारे में मुख्य समदड़ी रोड धुंधाड़ा निवासी मंगलाराम पुत्र गुणेश राम पटेल की तरफ से रिपोर्ट दी गई। घर से अज्ञात चोर 60-65 हजार की नगदी के साथ साढ़े चार तोला के आसपास सोना और कुछ चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। मंगलाराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने अब जांच आरंभ की है।

Related posts: