चोरों ने दो घरों से दस लाख के जेवर, 6.25 लाख की नगदी उड़ाई

चोरों ने दो घरों से दस लाख के जेवर, 6.25 लाख की नगदी उड़ाई

जोधपुर, शहर में बढ़ती सर्दी के बीच चोरों ने सूने मकानों में सेंधमारी का अपना काम जारी रखा हुआ है। पुलिस लगातार चोरियां खोल भी रही है। एक चोरी खुलती है तो दूसरी बड़ी चोरी सामने आ जाती है। शहर के बनाड़ और मंडोर इलाकों में दो सूने घरों से चोर दस लाख तक के जेवर और सवा छह लाख की नगदी पर हाथ साफ कर गए। पीडि़तों ने संबंधित थानों में अब केस दर्ज कराया है। पुलिस आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों से चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

मंडोर पुलिस ने बताया कि मूलत: पीपाड़ शहर के नानण हाल निंबा निंबड़ी स्थित नीलकंठ नगर के रहने वाले राजूराम पुत्र गोपाराम जाट ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसके एक भाई का मकान इस क्षेत्र में है। उसके भाई का परिवार घर में शादी समारोह के चलते 6 दिसम्बर को गांव गया हुआ था। बाद में 8 दिसम्बर को पड़ौसी ने सूचना दी कि घर के ताले टूटे हुए है। इस पर परिवार के लोग जोधपुर घर पर पहुंचे। अंदर जाने पर सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा होने के साथ ही अलमारी और बक्से के ताले टूटे हुए मिले। अज्ञात चोर घर से 5.51 लाख की नगदी, तीन तोला की कंठी, एक नई कंठी एक तोला, कानों के टोप्स जोडियां, चांदी की छड़ा जोडिय़ां, 3 किलो चांदी के अलावा अन्य सोने की आइटम चोरी कर गए। अब इसमें एसआई महावीर सिंह की तरफ से जांच की जा रही है।

चोरों का पता लगाया जा रहा है। दूसरी तरफ बनाड़ पुलिस ने बताया कि मूलत: रतकुडिया पीपाड़ हाल खसरा नंबर 27 नांदड़ी भोमियाजी थान सामने रहने वाले राजेंद्र कुमार पुत्र मोहनराम मेघवाल की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि वह परिवार सहित बाहर गांव गया हुआ था। घर सूना पड़ा था। अज्ञात चोर घर से 73300 रूपए, सोने की दो अंगुठियां, कानों के टोप्स, 4 चांदी के सिक्के, चांदी का 30 तोला कंदोरा, पायलों की जोडिय़ां एवं 4 सोने की लूंग जोडिय़ां आदि आइटम चोरी कर ले गए। बनाड़ पुलिस ने बताया कि पीडि़त गुरूवार को थाने पहुंचा और केस दर्ज करवाया।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews

Similar Posts