भोमेश्वर महादेव मंदिर से शिवलिंग का नाग चोरी

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),भोमेश्वर महादेव मंदिर से शिव लिंग का नाग चोरी। सूर्यनगरी में अपराधियों और चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब आस्था के केंद्र और भगवान के मंदिर भी सुरक्षित नहीं रहे। ताजा मामला जोधपुर के भीतरी शहर इलाके से सामने आया है,जहां चोरों ने एक प्राचीन शिव मंदिर को अपना निशाना बनाया है।

ऑनलाइन दवा बिक्री व ई-फार्मेसी के विरोध में हड़ताल

जानकारी के अनुसार भीतरी शहर के चतानियों की गली, व्यासजी की पोल में स्थित प्रसिद्ध भोमेश्वर महादेव मंदिर से शिवलिंग पर चढ़ा हुआ नाग चोरी हो गया है। चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि देर रात एक अज्ञात युवक दबे पांव मंदिर परिसर के भीतर घुसता है। वह पकड़े जाने के डर से पहले आसपास नजर दौड़ाकर यह सुनिश्चित करता है कि वहां कोई मौजूद तो नहीं है। इसके बाद,वह पलक झपकते ही गर्भगृह में जाकर शिवलिंग पर चढ़े नाग को उतारता है और कुछ ही सेकंड में वहां से रफूचक्कर हो जाता है।

सुबह जब पुजारी और भक्त मंदिर पहुंचे तो नाग गायब देखकर दंग रह गए। इस चोरी की घटना के बाद से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में प्रशासन व पुलिस के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है। आक्रोशित लोगों का कहना है कि जब भीतरी शहर के रिहायशी इलाकों में स्थित मंदिर तक सुरक्षित नहीं हैं,तो आम जनता की सुरक्षा का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मौका-मुआयना किया है और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी चोर की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।