पहले दिन वार्ड संख्या 77 से दाखिल हुआ पहला नामांकन
नगर निगम आम चुनाव-2026
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पहले दिन वार्ड संख्या 77 से दाखिल हुआ पहला नामांकन। नगर निगम आम चुनाव-2026 के तहत जोधपुर नगर निगम के 100 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार 27 अगस्त 2026 से प्रारंभ हुई। नामांकन प्रक्रिया के प्रथम दिन वार्ड संख्या 77 से 1 अभ्यर्थी द्वारा एक नामांकन पत्र दाखिल किया गया।
रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय,नगर निगम आम चुनाव-2026, जोधपुर (वार्ड संख्या 01 से 100) द्वारा जारी प्रथम दिवस की रिपोर्ट के अनुसार,नगर निगम के 100 वार्डों में से वार्ड संख्या 77 में एक नामांकन पत्र प्राप्त हुआ है। शेष वार्ड संख्या 01 से 76 तथा वार्ड संख्या 78 से 100 तक प्रथम दिवस कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ।
नामांकन प्रक्रिया के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई है।आगामी 29 अगस्त एवं 31 अगस्त को भी निर्धारित समयानुसार नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे।
MMU ET (PG)-2026 के लिए आवेदन की तिथि 05 सितंबर तक बढ़ी
नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को की जाएगी तथा अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर निर्धारित है। चुनाव चिह्नों का आवंटन 4 सितंबर को किया जाएगा।
रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय द्वारा नामांकन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की संवीक्षा,अभ्यर्थिता वापसी तथा अंतिम रूप से चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची जारी करने की कार्रवाई की जाएगी।
