टेबल टेनिस में दिखेगा खेल कौशल

  • 40 खिलाड़ी भिड़ेंगे नॉकआउट मुकाबलों में
  • जोधपुर रेलवे वर्कशॉप

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),टेबल टेनिस में दिखेगा खेल कौशल। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर वर्कशॉप स्थित स्पोर्ट्स एंड रीक्रिएशन क्लब में टेबल टेनिस टूर्नामेंट-2026 का रंगारंग आगाज हुआ। मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीणा ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह नजर आया।

फ्लैट का समय पर कब्जा नहीं देना बिल्डर को पड़ा भारी

उद्घाटन के बाद मुख्य कारखाना प्रबंधक ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य कर्मचारियों और खिलाड़ियों में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। खेल आयोजनों से प्रतिभागियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है तथा उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है।

वर्कशॉप खेल सचिव सुमीत कल्ला ने बताया कि सिंगल्स वर्ग में प्रतियोगिता के लिए 40 प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे। प्रत्येक मैच तीन सेट का होगा। ऐसे में खिलाड़ियों के बीच हर मुकाबले में जीत के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिलेगा।

उद्घाटन समारोह में खेल अधिकारी धनराज कुमार,विनोद मीणा,डॉ. सुनीता चौधरी,आरपी मीणा सहित विभिन्न यूनियनों और एसोसिएशनों के प्रतिनिधि मौजूद थे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।

अंत में क्लब के उपाध्यक्ष दिलीप कुमार और इंडोर प्रतिनिधि ग्यासुद्दीन ने अतिथियों,अधिकारियों, प्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों का आभार जताया।