जोधपुर का रहने वाला है सिया गोयल का बॉय फ्रेंड चेतन चौधरी

  • पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड का जोधपुर कनेक्शन
  • हत्या से पहले आए थे जोधपुर घूमने

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर का रहने वाला है सिया गोयल का बॉय फ्रेंड चेतन चौधरी। महाराष्ट्र के पुणे का चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब जोधपुर कनेक्शन सामने आया है। मृतक केतन की आरोपी मंगेतर सिया गोयल का बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी जोधपुर जिले का रहने वाला है। उसके पिता पुणे में ड्राई फ्रूट्स का कारोबार चलाते हैं और चेतन भी साथ में रहकर पिता का हाथ बंटाता था।

जांच में पता चला है कि हत्या के आरोप में गिरफ्तार सिया गोयल का बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी बिलाड़ा क्षेत्र का रहने वाला है। उसका पैतृक गांव पलासनी है। आरोपी चेतन के पिता बाबूलाल सीरवी अपने भाई देवाराम व उदाराम के साथ कई साल से पुणे में ही रहकर काम करते हैं।उनका एक भाई गुणेशराम पलासनी गांव में ही खेती- बाड़ी करता है। चेतन पुणे में ही पढ़ाई के साथ पिता के व्यापार में हाथ बंटाता था। वो चार बहनों का इकलौता भाई है और उसकी चारों बहनें भी पुणे में ही अपने परिवार के साथ रहती हैं।

ऐसे शुरू हुई थी चेतन- सिया की लव स्टोरी
जांच में सामने आया है कि चेतन की सिया से पहली बार मुलाकात पुणे में दिवाली पार्टी के दौरान हुई थी। सिया बेकरी चलाती और चेतन ड्राई फ्रूट्स का कारोबार करता था। ऐसे में अक्सर दोनों के बीच मुलाकात होने लगी और यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दोनों कई बार पुणे से बाहर घूमने भी गए थे। यह भी बताया गयाा है कि चेतन सिया को जोधपुर भी घुमाने लाया था। एक फाइव स्टार होटल में दोनों दो दिन साथ रहे। मेहरान गढ़ भी घूमे थे। दोनों ने उदयपुर में वो लग्जरी होटल भी देखा था, जहां सिया की डेस्टिनेशन वेडिंग होनी थी।

640 मिनट ऑफलाइन रहा था आरोपी चेतन
जांच में पता चला है कि सिया का प्रेमी चेतन चौधरी घटना वाले दिन करीब 640 मिनट (10 घंटे 40 मिनट) तक जानबूझकर ऑनलाइन नहीं रहा। उसने 18 जून की सुबह करीब 7 बजे फोन का इंटरनेट बंद कर दिया था और शाम 5.40 बजे तक वह डिजिटल नेटवर्क से पूरी तरह गायब रहा।

सिया और चेतन अभी पुलिस रिमांड पर
पुलिस के मुताबिक सिया और चेतन एक-दूसरे को तीन साल से जानते थे। सिया केतन से शादी करना नहीं चाहती थी। इसलिए उसने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची और अपने बर्थडे से एक दिन पहले 18 जून को ट्रैकिंग के बहाने केतन को अपने साथ लोहागढ़ किले लेकर गई। जहां पर सिया और चेतन ने केतन को खाई में धक्का दे दिया था, जिससे केतन की मौत हो गई थी। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। सिया और चेतन अभी सात दिन की पुलिस रिमांड पर है। जहां पर दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ जारी है।