रेलवे ट्रैक पर पतंगबाजी पर आरपीएफ ने चार को पकड़ा

  • आमजन को किया जागरूक
  • मस्जिद के लाउडस्पीकर से भी की अपील
  • बच्चों को ट्रैक से दूर रखने की हिदायत

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),रेलवे ट्रैक पर पतंगबाजी पर आरपीएफ ने चार को पकड़ा। रक्षाबंधन पर रेलवे ट्रैक के आसपास पतंगबाजी करने वालों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल ने शुक्रवार को अभियान चलाया। इस दौरान चार लोगों के खिलाफ रेलवे अधिनियम एवं जन विश्वास अधिनियम- 2026 के तहत कार्रवाई कर जुर्माना वसूला गया। साथ ही आमजन को रेलवे ट्रैक से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया।

आरपीएफ को महामंदिर- मंडोर के बीच घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बच्चों के पतंगबाजी के लिए रेलवे ट्रैक तक पहुंचने की शिकायतें मिल रही थीं। अभियान के दौरान टीम ने लोगों को ट्रैक पर आवाजाही के खतरे बताए और बच्चों को ट्रैक के आसपास नहीं जाने देने की अपील की।

रेलवे सुरक्षा बल महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा, मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त नीतीश शर्मा के निर्देश पर सहायक सुरक्षा आयुक्त मुकेश कुमार व जोधपुर पोस्ट निरीक्षक लक्ष्मण गौड़ के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

सेवारत व पूर्व सैनिकों का कल्याण 12 कोर की सर्वोच्च प्राथमिकता- मेजर जनरल केडी जसपाल

टीम ने लोगों से अनधिकृत रास्तों से ट्रैक पार नहीं करने,बच्चों को ट्रैक के आसपास नहीं खेलने देने और चलती ट्रेन पर पत्थर नहीं फेंकने की अपील की गई। आरपीएफ ने चेताया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। अभियान में गजेंद्र सिंह,मनोज कुमार, राजकुमार,सुखराम और गिरधारी लाल सहित आरपीएफ जवान व रेलवे कर्मचारी शामिल थे।

मस्जिद से दी चेतावनी
इस दौरान आरपीएफ टीम आमना मस्जिद पहुंची और नमाजियों से संपर्क कर रेलवे ट्रैक के आसपास पतंगबाजी नहीं करने की अपील की। इसके बाद मस्जिद के लाउडस्पीकर से भी कॉलोनीवासियों को समझाइश दी गई।

आरपीएफ के अनुसार इस रेलखंड पर ट्रेनें करीब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हैं। ट्रैक के ऊपर 25 हजार वोल्ट की ओएचई लाइन है। ऐसे में ट्रैक के पास जाना जानलेवा हो सकता है।