स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया रक्षा बंधन पर्व
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया रक्षा बंधन पर्व। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित ब्लूमिंग लोटस स्कूल में रक्षा बंधन का पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत बड़े बच्चों के लिए हैंडमेड राखी प्रतियोगिता तथा छोटे बच्चों के लिए कलरिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया और आकर्षक राखियां तैयार कीं। इसके बाद विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को राखी बांधकर रक्षा बंधन की खुशियां साझा कीं।
एएनटीएफ ने पकड़ा एक लाख का फरार इनामी तस्कर
विद्यालय संचालक मनीष माथुर एवं कल्पना प्रजापत ने विद्यार्थियों को रक्षा बंधन पर्व के महत्व, इसे मनाने की परंपरा तथा भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के पीछे निहित प्रेम, विश्वास और सुरक्षा की भावना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रैंकर विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने बच्चों को आपसी प्रेम, भाईचारे,सहयोग एवं संस्कारों के महत्व से भी अवगत कराया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा।
