नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति रेलवे सख्त
पहली तिमाही में उल्लेखनीय राजस्व वृद्धि
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति रेलवे सख्त। उत्तर पश्चिम रेलवे का जोधपुर मंडल वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में राजस्व वृद्धि के साथ-साथ रेलवे परिसरों में अनुशासन,यात्री सुविधाओं और नियमों के प्रभावी पालन को लेकर भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।
मंडल के वाणिज्य विभाग ने जहां विभिन्न मदों में आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की,वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई भी की।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि जून 2026 तक जोधपुर मंडल का माल राजस्व 460 करोड़ रुपए रहा,जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 54 प्रतिशत अधिक है। यात्री राजस्व 252 करोड़ रुपए रहा, जिसमें 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। टिकट जांच से 4.20 करोड़ रुपए की आय हुई,जो गत वर्ष की तुलना में 44 प्रतिशत अधिक है। गैर-किराया राजस्व के अंतर्गत 86.13 लाख रुपए की आय अर्जित की गई। पार्किंग से 45 लाख रुपए तथा कैटरिंग सेवाओं से 1.05 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ,जो क्रमश: 30 प्रतिशत और 32 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
नशे में पटरियों पर सो गया युवक 10 मिनट खड़ी रही ट्रेन
व्यावसायिक परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग के लिए मंडल ने 32 परिसंपत्तियों का ई-ऑक्शन कर 7.74 करोड़ रुपए का वार्षिक लाइसेंस शुल्क सुनिश्चित किया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि वाणिज्य विभाग का लक्ष्य केवल आय बढ़ाना नहीं, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और रेलवे परिसरों में अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
ओवर चार्जिंग के मामलों से 98 हजार रुपए वसूले
रेलवे परिसरों में अनुशासन बनाए रखने और यात्रियों के हितों की सुरक्षा के लिए चलाए गए विशेष अभियानों के तहत ओवर चार्जिंग के 41 मामलों का पता लगाकर 98 हजार 435 रुपए का जुर्माना लगाया गया। अनधिकृत वेंडिंग के विरुद्ध अभियान में 383 अवैध वेंडरों पर कार्रवाई करते हुए 1.63 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। धूम्रपान निषेध अभियान के दौरान 278 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई कर 1.07 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।
