Prime Minister Modi will visit Rajasthan and Gujarat on July 4.

प्रधानमंत्री मोदी 4 जुलाई को राजस्थान-गुजरात दौरे पर रहेंगे

  • पचपदरा रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित करेंगे
  • बालोतरा में 1.06 लाख करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण
  • जोधपुर में संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत
  • साणंद में देश के पहले एंड-टू-एंड सेमीकंडक्टर संयंत्र का उद्घाटन
  • जयपुर मेट्रो फेज-2 की रखेंगे आधारशिला

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज), प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बालोतरा में लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण,उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं पेट्रोकेमिकल्स,शहरी परिवहन,रेलवे,सड़कों, नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत पारेषण सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हुई हैं।

प्रधानमंत्री का कार्यक्रम
प्रातः10:45 बजे प्रधान मंत्री जोधपुर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और जोधपुर में संशोधित उड़ान योजना का शुभारंभ करेंगे। दोपहर 12:15 बजे वे बालोतरा पहुंचेंगे,जहां विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम 4:30 बजे प्रधानमंत्री गुजरात के साणंद में सीजी सेमी ओएसएटी संयंत्र का उद्घाटन करेंगे।

जोधपुर में संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत
प्रधानमंत्री जोधपुर में संशोधित उड़ान योजना लॉन्च करेंगे,जिसमें क्षेत्रीय संपर्क पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस योजना के तहत 28,840 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है,जिसका उद्देश्य अगले 10 वर्षों में विमानन-आधारित विकास को गति देना है। 100 हवाई अड्डों के विकास के लिए 12,000 करोड़ रुपए से अधिक का बजट, ओएंडएम सहायता के लिए 2,500 करोड़ रुपए,200 आधुनिक हेलीपैड के विकास और एयरलाइनों को 10,000 करोड़ रुपए से अधिक की वायबिलिटी गैप फंडिंग शामिल है। एचएल ध्रुव और डोर्नियर जैसे स्वदेशी विमानों की खरीद भी की जाएगी।

जोधपुर हवाई अड्डे का नया टर्मिनल
480 करोड़ रुपए की लागत से विकसित 23,000 वर्ग मीटर में फैला नया टर्मिनल प्रति वर्ष 20 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम है। राजस्थान की शाही विरासत से प्रेरित वास्तुकला में मेहराब और झरोखों जैसे पारंपरिक तत्वों को समकालीन डिजाइन के साथ समाहित किया गया है। यह 5-स्टार जीआरआईएचए रेटिंग प्राप्त करने के लक्ष्य के साथ ऊर्जा-कुशल और हरित भवन है।

बालोतरा में पचपदरा रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित
प्रधानमंत्री बालोतरा के पचपदरा में भारत के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। एचपीसीएल और राजस्थान सरकार के संयुक्त उद्यम के रूप में 79,450 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से स्थापित इस 9 MMTPA क्षमता की रिफाइनरी में 2.4 MMTPA पेट्रोकेमिकल क्षमता है। इसका नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स 17.0 है। यह परियोजना ऊर्जा सुरक्षा,पेट्रोकेमिकल आत्मनिर्भरता और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला
प्रधानमंत्री 13,000 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण की आधारशिला रखेंगे। 41 किमी लंबे उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर में 36 स्टेशन होंगे,जो प्रह्लादपुरा से तोड़ी मोड़ तक सीतापुरा, वीकेआई,जयपुर हवाई अड्डा,एसएमएस अस्पताल जैसे प्रमुख स्थानों को जोड़ेगा।

अन्य प्रमुख परियोजनाएं:- 1.रेल दोहरीकरण: चूरू- सादुलपुर (58 किमी) और चूरू-रतनगढ़ (46 किमी) परियोजनाएं 900 करोड़ रुपए* की लागत से राष्ट्र को समर्पित।
2.जोधपुर रिंग रोड: एनएच-125ए के चार लेन का 740 करोड़ रुपए की लागत से उद्घाटन।
3.सौर ऊर्जा: बीकानेर में एसजेवीएन की 1,000 मेगावाट परियोजना (5,500 करोड़) और एनएचपीसी के 300 मेगावाट करणीसर संयंत्र को राष्ट्र को समर्पित।
4.विद्युत पारेषण: राजस्थान आरईजेड से बिजली निकासी के लिए 1,900 करोड़ रुपए की ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन और 530 किमी लंबी नई प्रणाली की आधारशिला।
5.नियुक्ति पत्र: राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में भर्ती 54,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

साणंद में सेमीकंडक्टर संयंत्र का उद्घाटन
प्रधानमंत्री गुजरात के साणंद में सीजी सेमी आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (ओएसएटी) संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। 7,500 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से विकसित यह देश की पहली एंड-टू-एंड ओएसएटी सुविधाओं में से एक है। पूरी क्षमता पर इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 5 अरब सेमीकंडक्टर चिप्स होगी। यह संयंत्र AI,5G,IoT, ऑटोमोटिव क्षेत्रों की मांग पूरी करेगा और इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत स्वीकृत पहली चार परियोजनाओं में से एक है।

इसे भी पढ़ें:- तीसरे मोर्चे के साथ लड़ेंगे चुनाव नहीं जाएगे एनडीए में-बेनीवाल