Doordrishti News Logo

बाजरे के खेत में चल रही अवैध कपड़ा रंगाई फैक्ट्री में पुलिस की रेड

बालोतरा से कपड़ा लाकर होती थी रंगाई -बिना उपचार खेत में बहाया जा रहा था रसायनयुक्त दूषित पानी

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),बाजरे के खेत में चल रही अवैध कपड़ा रंगाई फैक्ट्री में पुलिस की रेड। पुलिस थाना राजीव गांधी नगर और डीएसटी पश्चिम की टीम ने पर्यावरण प्रदूषण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कैरू क्षेत्र में बाजरे के खेत के बीच संचालित अवैध कपड़ा रंगाई फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। पुलिस के अनुसार फैक्ट्री में बालोतरा से कपड़ा लाकर रंगाई की जाती थी और रंगाई के बाद कपड़ा वापस बालोतरा भेजा जाता था।

थानाधिकारी रविंद्रपाल सिंह ने बताया कि फैक्ट्री आबादी से दूर सुनसान रेतीले टीलों के बीच खसरा नंबर 288 में खातेदारी जमीन पर टेंटनुमा ढांचे के भीतर संचालित की जा रही थी। मौके पर कपड़ा रंगाई के लिए गीजर मशीनें तथा रंग और रासायनिक पदार्थ मिले। रंगाई से निकलने वाले रंगीन रसायनयुक्त अपशिष्ट जल को बिना किसी उपचार के खुले में खेत में प्रवाहित किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण विभाग, जोधपुर विकास प्राधिकरण और हल्का पटवारी की मौजूदगी में मौका निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की गई। जेडीए की टीम ने मौके पर बने स्ट्रक्चर एवं स्टैंड को ध्वस्त किया। साथ ही कपड़े सुखाने के स्टैंड,नाली और दूषित पानी से भरे गड्ढों को भी नष्ट किया गया।

शातिरों ने अलग अलग खातों से उड़ाए रुपए

पुलिस ने फैक्ट्री संचालक मौले खां पुत्र हासम खां निवासी बहनावा जागीर, थाना पचपदरा बालोतरा के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया और पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रवीण कुमार तथा एसीपी प्रतापनगर नतीशा जाखड़ के सुपरविजन में की गई।

जमीन पर हो रखा था अतिक्रमण

जोधपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त राहुल जैन के सख्त निर्देशों की पालना में अतिक्रमण निरोधक दस्ते द्वारा अवैध निर्माणों एवं अतिक्रमणों के विरुद्ध कार्यवाही के क्रम में शुक्रवार को ग्राम केरू के खसरा संख्या 288 में संचालित अवैध कपड़ा रंगाई, छपाई एवं धुलाई फैक्ट्री में निर्मित अवैध संरचनाओं को ध्वस्त किया गया।

उपायुक्त जोन 05 पुष्पा कंवर सिसोदिया के निर्देशानुसार प्रवर्तन निरीक्षक योगेश गहलोत, भू अभिलेख निरीक्षक शिवराज बेनिवाल, जेडीए के अतिक्रमण निरोधक दस्ते एवं राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि व राजस्व पटवारी,पुलिस थाना राजीव गांधी नगर द्वारा ग्राम केरू के खसरा संख्या 288 के निरीक्षण के दौरान कपड़ा रंगाई/छपाई/धुलाई की फैक्ट्री संचालित पाई गई। फैक्ट्री परिसर में बिना सक्षम स्वीकृति के विभिन्न प्रकार की अवैध संरचनाएं, शेड एवं पानी के टैंक आदि निर्मित पाए गए।

निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री संचालन एवं निर्माण से संबंधित आवश्यक स्वीकृति व दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। जेडीए द्वारा अवैध रूप से निर्मित संरचनाओं एवं फैक्ट्री परिसर में किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए विद्युत कनेक्शन सहित अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।