पुलिस आयुक्त की जवानों से अलर्ट रहने के दिशा निर्देश
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पुलिस आयुक्त की जवानों से अलर्ट रहने के दिशा निर्देश। जोधपुर नगर निगम चुनाव के मतदान को लेकर जोधपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को होने वाले मतदान से पहले पुलिस लाइन में चुनावी ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और जवानों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।
पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया,दोनों डीसीपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जवानों को चुनावी ड्यूटी से संबंधित दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने मतदान के दौरान पूरी तरह अलर्ट रहने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से पालन करने के निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मी सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दें। पुलिस का उद्देश्य मतदान के दौरान आम मतदाताओं को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और निर्भीक माहौल उपलब्ध कराना है,ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। नगर निगम चुनाव के मतदान को लेकर जोधपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी कर ली है और मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।
