पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने व्यापारियों एवं अधिकारियों के साथ किया संयुक्त भ्रमण

नई सड़क को अतिक्रमण मुक्त एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रशासन की बड़ी पहल

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने व्यापारियों एवं अधिकारियों के साथ किया संयुक्त भ्रमण। शहर में शनिवार को पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने नगर निगम आयुक्त, पुलिस एवं यातायात अधिकारियों तथा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ नई सडक़ एवं घंटाघर क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था,अवैध अतिक्रमण,पार्किंग व्यवस्था एवं आमजन की आवाजाही की वर्तमान स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।

पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं यातायात शहीन सी.,अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात शालिनी राज,सहायक पुलिस आयुक्त केंद्रीय मंगलेश चुंडावत सहित नगर निगम एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

समस्याओं पर चर्चा 
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने बाजार क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव,अवैध अतिक्रमण व ठेलों के अव्यवस्थित खड़े होने से उत्पन्न समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नई सडक़ जोधपुर शहर की प्रमुख व्यापारिक एवं ऐतिहासिक पहचान है,जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में आमजन एवं पर्यटक आते हैं।ऐसे में बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

व्यापारियों से संवाद किया 
भ्रमण के समय व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी लिए गए। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में अनियंत्रित ठेलों,अव्यवस्थित पार्किंग तथा बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण आमजन एवं व्यापारियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। इस पर पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मादक पदार्थ तस्करी में तीन साल से फरार 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

ठेलों के लिए वैकल्पिक एवं व्यवस्थित स्थान चिन्हित करने पर सहमति 
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि नई सडक़ क्षेत्र में ठेलों एवं अस्थायी अतिक्रमण के कारण सडक़ मार्ग संकरा हो रहा है, जिससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित होती है। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त के साथ विस्तृत विचार-विमर्श कर ठेलों के लिए वैकल्पिक एवं व्यवस्थित स्थान चिन्हित करने पर सहमति बनी,ताकि व्यापार प्रभावित हुए बिना यातायात व्यवस्था भी सुचारू रह सके। पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने निर्देश दिए कि नई सडक़ एवं घंटाघर क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर क्षेत्र को व्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं,बल्कि आमजन,व्यापारियों एवं पर्यटकों के लिए सुरक्षित,सुगम एवं आकर्षक वातावरण तैयार करना है।

घंटाघर एवं नई सडक़ क्षेत्र शहर के हेरिटेज 
पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने कहा कि घंटाघर एवं नई सडक़ क्षेत्र जोधपुर की सांस्कृतिक एवं हेरिटेज पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। क्षेत्र का सौंदर्य एवं पारंपरिक स्वरूप बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। अतिक्रमण मुक्त एवं सुव्यवस्थित बाजार से जहां यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, वहीं पर्यटकों को भी जोधपुर की ऐतिहासिक विरासत का बेहतर अनुभव प्राप्त होगा। प्रशासन द्वारा शीघ्र ही चरणबद्ध कार्ययोजना के माध्यम से यातायात सुधार, पार्किँग व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण एवं आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।