जनगणना 2027 के लिए अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न
डिजिटल स्वगणना पर विशेष जोर -1 से 15 मई तक आमजन को मिलेगा स्वयं जानकारी दर्ज करने का अवसर
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जनगणना 2027 के लिए अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न।जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन के लिए बुधवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर,जोधपुर में समस्त उपखण्ड अधिकारियों एवं चार्ज अधिकारियों (तहसील/नगर पालिका/नगर निगम) का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण की अध्यक्षता प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने की। उन्होंने अपने संबोधन में अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सभी कार्य सुनिश्चित किए जाएं तथा चार्ज स्तर पर जनगणना संबंधी कार्यों के लिए ब्लॉक कार्यालयों से समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने जनगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल देते हुए आमजन को इस प्रक्रिया से जोड़ने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया,ताकि नागरिक इसकी महत्ता को समझते हुए सक्रिय सहभागिता निभाएं।
विवाह कार्यक्रम के लिए वाणिज्यिक गैस सिलेंडर आवंटन के लिए आवेदन प्रक्रिया निर्धारित
प्रमुख जनगणना अधिकारी (नगर निगम क्षेत्र) एवं आयुक्त,नगर निगम राहुल जैन ने स्वगणना को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आमजन को अधिकाधिक स्वप्रेरित किया जाए। उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर कैम्प आयोजित किए जाएंगे, जिससे स्वगणना प्रक्रिया सुगम बन सके।
प्रशिक्षण में जनगणना कार्य निदेशालय, राजस्थान,जयपुर से सहायक निदेशक संतोष कुमार द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को जनगणना 2027 की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया गया। उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना 2027 में पहली बार डिजिटल भारत की तर्ज पर समस्त कार्य ऑनलाइन माध्यम से संपादित किए जाएंगे। 1 मई से 15 मई 2026 तक आमजन को स्वगणना का अवसर प्रदान किया जाएगा, जिसके तहत जनगणना पोर्टल के माध्यम से नागरिक स्वयं सटीक एवं स्पष्ट जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक,आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, जोधपुर मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि प्रशिक्षण सफलता पूर्वक संपन्न हुआ तथा प्रतिभागियों की सभी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। उन्होंने बताया कि स्वगणना एवं फील्ड कार्य से संबंधित समस्त प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।प्रशिक्षण के दौरान जिला प्रशासन द्वारा जनगणना संबंधी प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर तथा स्वगणना प्रक्रिया के फ्लो चार्ट का भी विमोचन किया गया।
