डेढ़ लाख मेहनताना हड़पा: न गहने बनाए न ही सोना चांदी लौटाया
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),डेढ़ लाख मेहनताना हड़पा: न गहने बनाए न ही सोना चांदी लौटाया। शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित विजय नगर में रहने वाले एक स्वर्ण कारोबारी ने अपने परिचित को सोना और चांदी से आभूषण बनाने का ऑर्डर दिया था। साथ में मेहनताने के रूप में एडवांस डेढ़ लाख रुपए दिए गए। मगर आरोपी दुकानदार ने ना तो समय पर आभूषण बनाकर दिए और ना ही दिया गया सोना और चांदी भी वापिस लौटाए।
पीडि़त ने अब चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में इसकी नामजद रिपोर्ट दी है। चौहाबो पुलिस ने बताया कि विजय नगर निवासी रवि सोनी पुत्र लक्ष्मण सोनी की तरफ से केस दर्ज कराया गया है। इसमें बताया कि उसने अपने एक परिचित बलदेव नगर में ज्वैलरी कारोबारी कैलाश सोनी को गोल्ड और सिल्वर के आइटम बनाने का ऑर्डर काफी समय पहले दिया था। उसे 20 ग्राम गोल्ड,12 सौ ग्राम चांदी की पायल और एक किलो चांदी के अन्य आभूषण बनाने के लिए चांदी दी गई थी।
उसे एडवांस के तौर पर डेढ़ लाख रुपए बतौर दिए गए। कैलाश सोनी ने न तो आभूषण बनाकर दिए और ना ही वापिस गोल्ड और सिल्वर को लौटाया। उसकी रकम को खुर्दबुर्द कर डाला। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर अब जांच आरंभ की है।
